Aaj Ka Mausam 24 November 2026: देश के कई हिस्सों में आज यानी 24 नवंबर को मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाने की आशंका है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी तेज बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। तमिलनाडु और रायलसीमा में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तमिलनाडु में 27 नवंबर तक और केरल में 27 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है।
यूपी समेत इन राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
दक्षिण भारत में बारिश के बीच उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई है।
कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ने की संभावना है। वाहन चालकों को सावधानी से सफर करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के बुलेटिन में दिल्ली-NCR, हरियाणा, राजस्थान और मध्य भारत के लिए आज भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सुबह कोहरा देखने को मिल सकता है। राजस्थान के सीकर में 23 नवंबर को मैदानी इलाकों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

