COP31 Climate Summit: तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र का जलवायु सम्मेलन COP31 बिना किसी व्यापक समझौते के समाप्त हो गया। जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को धीरे-धीरे खत्म करने की प्रतिबद्धता और जलवायु वित्त को लेकर देशों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इस पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने निराशा जताते हुए कहा कि भारत ने आखिरी समय तक रचनात्मक भूमिका निभाई और समझौते के लिए लगातार प्रयास किए।
भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अंतिम मसौदे पर आम सहमति नहीं बन पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए केवल बड़े लक्ष्य तय करना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराने होंगे।
विकासशील देशों को मिले वित्त और तकनीक का सहयोग
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, ऊर्जा बदलाव की प्रक्रिया हर देश की परिस्थितियों के अनुसार न्यायसंगत और समान होनी चाहिए। इसके लिए विकासशील देशों को पर्याप्त वित्तीय सहायता, आधुनिक तकनीक और क्षमता निर्माण में सहयोग देना जरूरी है।
भारत में सौर ऊर्जा क्षमता 170 गीगावाट के पार
भूपेंद्र यादव ने कहा कि सम्मेलन में अंतिम समझौता नहीं हो पाने का अर्थ यह नहीं है कि जलवायु परिवर्तन के खिलाफ प्रयास रुक गए हैं। भारत अपने स्तर पर लगातार काम कर रहा है और देश की सौर ऊर्जा क्षमता 170 गीगावाट से अधिक हो चुकी है।
भारत ने उठाया जलवायु न्याय का सवाल
मंत्री ने कहा कि भारत ने समान विचारधारा वाले विकासशील देशों की ओर से सम्मेलन में यह बुनियादी सवाल उठाया कि जलवायु संकट पैदा कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार रहा है। उनके अनुसार, अतीत और वर्तमान के उत्सर्जन के कारण वैश्विक कार्बन बजट का असमान रूप से बड़ा हिस्सा इस्तेमाल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की वैश्विक रणनीति में समानता और जलवायु न्याय को केंद्र में रखना जरूरी है। भारत ने COP32 की दिशा में भी आम सहमति पर आधारित बहुपक्षीय व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

