Today Weather Update 23 November 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर भारत के कुछ इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरा छा सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश से मणिपुर तक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में 23 नवंबर को आसमान अधिकतर साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है। सुबह हवाएं करीब 15 और शाम को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी-बिहार और झारखंड का मौसम
उत्तर प्रदेश के वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर समेत कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी यूपी में मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि पूर्वी हिस्सों में सुबह कोहरा छाने की संभावना है।
बिहार में सुबह के वक्त घना कोहरा परेशान कर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में कोहरे का असर बना रह सकता है। वहीं, 24 से 28 नवंबर के बीच राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। झारखंड के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश और सुबह कोहरे की संभावना है। यहां भी 24 से 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रह सकता है।
हिमाचल, उत्तराखंड और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दोनों राज्यों के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पंजाब में भी मौसम साफ और शुष्क रह सकता है। राज्य में फिलहाल बारिश की चेतावनी नहीं है।
तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 24 से 26 नवंबर के दौरान तमिलनाडु के कई इलाकों में व्यापक वर्षा हो सकती है।
केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 23 से 26 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 28 नवंबर तक बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर के सात राज्यों में बारिश की संभावना
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 और 24 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऐसे में पूर्वोत्तर के इन राज्यों में भी मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है।

