न्यूज़ डेस्क
आज उत्तर पूर्व के दो राज्यों मेघालय और नागालैंड में नई सरकारों का शपथ ग्रहण होगा। मेघालय में 11 बजे एनपीपी नेता कोनार्ड संगमा जहां मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे वही दोपहर एक बजे के बाद नागालैंड में नेफ्यू रियो का शपथ ग्रहण समारोह होगा। खबर के मुताबिक दोनों जगह पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह उपस्थित रहेंगे।
मेघालय में एनपीपी, यूडीपी, बीजेपी और एचएसपीडीपी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कॉनराड संगमा फिर सीएम पद की शपथ लेंगे, उन्होंने राज्यपाल को 32 विधायकों का समर्थन पत्र सौंप दिया है। सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री और NPP के राष्ट्रीय अध्यक्ष संगमा ने कहा कि नए गठबंधन को ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस 2.0’ कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की कैबिनेट में एनपीपी को 8 सीटें, यूडीपी को 2 सीटें और एक-एक सीट बीजेपी और एचएसपीडीपी को दी जाएंगी।
मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा की 59 सीट पर वोटिंग हुई थी। 2 मार्च को चुनाव के परिणाम घोषित हुए, जिनमें एनपीपी 26 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं, यूडीपी ने 11 सीट पर जीत हासिल की। कांग्रेस और टीएमसी के खाते में पांच-पांच सीटें आईं। वहीं, बीजेपी ने दो सीट पर जीत दर्ज की।
मेघालय में 27 फरवरी को 60 में से 59 सीटों पर मतदान हुआ। 85.27% वोटिंग हुई। सोहियोंग सीट पर UDP उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया था। 2018 में 67% वोटिंग हुई थी।
उधर ,नगालैंड में फिर एनडीपीपी-बीजेपी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। राज्य में नेफ्यू रियो पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य की 60 सीटों वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीपीपी-बीजेपी ने 37 सीटें जीती थीं, जिनमें से एनडीपीपी ने 25 और बीजेपी ने 12 सीट हासिल की थी। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 7 सीट, एनपीएफ ने 5 और नगा पीपुल्स फ्रंट, लोक जनशक्ति पार्टी और आरपीआई ने 2-2 सीट जीती थीं।
नगालैंड के 16 जिलों की 60 में से 59 विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी को 85.90% वोटिंग हुई। यह पिछले साल से 10% ज्यादा है। 2018 में यहां 75% वोटिंग हुई थी। यहां 10 फरवरी को अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कैंडिडेट खेकाशे सुमी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा कैंडिडेट कजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।
एनडीपीपी 2017 में अस्तित्व में आई थी। एनडीपीपी ने तब 18 और भाजपा ने 12 सीटें जीती थीं। दोनों दलों ने चुनाव से पहले गठबंधन किया था। सरकार में एनडीपीपी, भाजपा NPP और JDU शामिल हैं।
