India First Bullet Train: भारत की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बताया कि देश में पहली बुलेट ट्रेन 2027 की आखिरी तिमाही में यात्रियों के लिए शुरू की जाएगी। शुरुआत में गुजरात के सूरत और वापी के बीच ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद मुंबई तक पूरे कॉरिडोर पर चरणबद्ध तरीके से सेवा का विस्तार होगा।
प्रोजेक्ट के निर्माण में कितनी हुई प्रगति?
रेल मंत्री के मुताबिक, सितंबर तक बुलेट ट्रेन परियोजना में 456 किलोमीटर तक खंभे बनाने का काम पूरा हो चुका था। वहीं, 371 किलोमीटर लंबे वायाडक्ट का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है। आठ स्टेशनों पर सिविल निर्माण का काम पूरा हो गया है और अब वहां वास्तुशिल्प से जुड़े अंतिम काम किए जा रहे हैं।
इसके अलावा साबरमती, सूरत और ठाणे में ट्रेनों के रखरखाव के लिए बनाए जा रहे तीनों डिपो का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।
स्वदेशी ट्रेनसेट पर भी चल रहा काम
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री (ICF) और BEML मिलकर स्वदेशी B28 ट्रेनसेट तैयार कर रहे हैं। इसे 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसका पहला प्रोटोटाइप तैयार हो चुका है और फिलहाल उसकी संरचनात्मक जांच की जा रही है। रेल मंत्री के अनुसार, 2027 के मध्य तक पटरियों पर इसका परीक्षण शुरू होने की उम्मीद है।
इसके बाद 350 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए B35 ट्रेनसेट विकसित करना अगला लक्ष्य होगा।
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर होंगे 12 स्टेशन
देश का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट मुंबई और अहमदाबाद के बीच बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 508 किलोमीटर है और यह महाराष्ट्र तथा गुजरात से होकर गुजरेगा। परियोजना में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं—साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वड़ोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई।
पहले सूरत-वापी के बीच सेवा शुरू करने के बाद बाकी कॉरिडोर पर परिचालन चरणों में शुरू किया जाएगा।

