India vs New Zealand Day 4: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित कर दी। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। इस तरह भारत को 352 रन की विशाल बढ़त मिली। जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में कप्तान टॉम लाथम को शून्य पर आउट कर दिया।
पंत का शतक, जुरेल की दमदार पारी
भारत की ओर से ऋषभ पंत ने 128 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 153 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और छह छक्के लगाए। पंत ने छक्का जड़कर अपना नौवां टेस्ट शतक पूरा किया। ध्रुव जुरेल ने भी 78 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 136 रन की अहम पारी खेली।
इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 85, देवदत्त पडिक्कल ने 80 और कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन का योगदान दिया। अंशुल कंबोज ने 38, वॉशिंगटन सुंदर ने 24 और आकाश दीप ने 13 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह सात रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
720 रन का यह स्कोर विदेश में टेस्ट क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी भारतीय टीम ने पहली बार इतना बड़ा स्कोर बनाया। भारतीय पारी की एक और खास बात रही कि शुरुआती सात विकेट के लिए 50 या उससे अधिक रन की साझेदारियां हुईं,टेस्ट क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है।
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने तीन विकेट लिए, जबकि रचिन रवींद्र को दो सफलता मिली। मैट हेनरी, काइल जेमीसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट हासिल किया।
बुमराह ने पहली पारी जैसा दोहराया कमाल
352 रन की बढ़त के साथ उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया। दूसरी पारी के पहले ही ओवर में बुमराह ने टॉम लाथम को आउट कर दिया। खास बात यह रही कि पहली पारी में भी बुमराह ने लाथम को पहले ओवर में ही पवेलियन भेजा था। दूसरी पारी में विकेट गिरने के बाद डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स क्रीज पर थे। भारत की कोशिश न्यूजीलैंड को जल्दी समेटकर मैच में बड़ी जीत हासिल करने की होगी।

