Yuzvendra Chahal Joins BJP: क्रिकेट के मैदान के बाद अब राजनीति में युजवेंद्र चहल की एंट्री, BJP ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

0
3

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने राजनीति की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी में शामिल होने के साथ ही उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चे की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। यह जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सौंपी है।

इससे पहले चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति सूची में चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

चहल ने BJP नेतृत्व का जताया आभार

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद युजवेंद्र चहल ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य के प्रति आभार जताया। चहल ने कहा कि उन्हें बीजेपी परिवार में जगह और सम्मान देने के लिए वह सभी के आभारी हैं।

OBC मोर्चे में कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

बीजेपी ने शनिवार को ओबीसी मोर्चे के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्तियों का भी ऐलान किया। असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सतप्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मोर्चे में सात नए राष्ट्रीय सचिवों समेत अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।

रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं चहल

युजवेंद्र चहल हाल ही में फर्स्ट-क्लास यानी रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि, वह वनडे और टी20 जैसे सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। हरियाणा के रहने वाले चहल ने 2016 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 2019 क्रिकेट विश्व कप में भी टीम का हिस्सा थे।

लेग-स्पिन गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले चहल का IPL में भी शानदार प्रदर्शन रहा है। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। पिछले सीजन में उन्होंने पंजाब की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। अब क्रिकेट के साथ-साथ उनकी नई राजनीतिक पारी पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here