Lalit Modi Birthday Wish for Sushmita Sen: बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने 19 नवंबर को अपना 51वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने भी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी। ललित ने सुष्मिता के लिए खास संदेश लिखते हुए उन्हें अपनी ‘प्यारी दोस्त’ बताया और हमेशा मुस्कुराते रहने की शुभकामना दी। उन्होंने दोनों की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
2022 में रिश्ते का किया था ऐलान
सुष्मिता सेन और ललित मोदी का नाम जुलाई 2022 में एक-दूसरे के साथ जुड़ा था। ललित ने उस समय सोशल मीडिया पर दोनों की छुट्टियों की तस्वीरें साझा करते हुए सुष्मिता को अपना ‘बेटर हाफ’ बताया था। इसके बाद दोनों की शादी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि, ललित ने बाद में स्पष्ट किया था कि दोनों ने शादी नहीं की है।
करीब ढाई साल बाद फरवरी 2025 में ललित मोदी ने उनके अलग होने की पुष्टि की। जून 2026 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा था कि सुष्मिता का करियर भारत में था, जबकि वह लंदन में रहते थे। दूरी की वजह से दोनों के रास्ते अलग हो गए, लेकिन उनके मन में सुष्मिता के लिए दोस्ती और सम्मान बरकरार है।
ट्रोलिंग के दौरान भी किया था सुष्मिता का बचाव
रिश्ते की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सुष्मिता को कई तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। कुछ लोगों ने उन्हें ‘गोल्ड डिगर’ तक कहा। उस समय ललित मोदी ने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए कहा था कि सुष्मिता अपनी मेहनत और काबिलियत से आर्थिक रूप से मजबूत बनी हैं और उन्हें किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है।
ब्रिटिश नागरिक बन चुके हैं ललित मोदी
ललित मोदी ने 14 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ब्रिटिश नागरिक बनने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक समारोह के दौरान उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता मिलने का जश्न मनाया। ललित के मुताबिक, ब्रिटेन कई वर्षों से उनका घर रहा है और वहां की नागरिकता मिलना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है।
मिस यूनिवर्स से बॉलीवुड तक सुष्मिता का सफर
19 नवंबर 1975 को हैदराबाद में जन्मीं सुष्मिता सेन ने 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इसके बाद उन्होंने 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से बॉलीवुड में कदम रखा।
‘बीवी नंबर 1’, ‘सिर्फ तुम’, ‘आंखें’, ‘मैं हूं ना’ और ‘मैंने प्यार क्यों किया?’ जैसी फिल्मों में उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया। लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद उन्होंने वेब सीरीज ‘आर्या’ के जरिए वापसी की। इस सीरीज में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली।

