IMD Weather Alert Today: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 21 नवंबर को 19 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और उत्तराखंड में घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के साथ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है।
इन 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के अलर्ट वाले राज्यों में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम के साथ ठंड भी धीरे-धीरे जोर पकड़ सकती है। आज अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण की समस्या भी गंभीर हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश की आशंका
उत्तर प्रदेश के बदायूं, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच, सीतापुर, रायबरेली, सोनभद्र, प्रयागराज, ललितपुर और झांसी में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बिहार में बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार में आज गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भागलपुर, कटिहार, गया, पूर्णिया, वैशाली, बक्सर, गोपालगंज और कैमूर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड में भी दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग ने खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश
पश्चिम बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली, हावड़ा, 24 परगना, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कलिंपोंग समेत कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। हवा के झोंके 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकते हैं और कुछ जगहों पर इनकी गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। ओडिशा में भी भारी बारिश का अनुमान है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हिमाचल में बर्फबारी, उत्तराखंड में घने कोहरे का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के सोलन, किन्नौर, मंडी और बिलासपुर में ठंड बढ़ने के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शिमला में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, उत्तराखंड के ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चेतावनी है। कुछ इलाकों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

