IND vs NZ Test Match: यशस्वी-राहुल की जोड़ी ने मचाया धमाल, 45 साल पुराना गावस्कर-चौहान का रिकॉर्ड तोड़ा

0
1

IND vs NZ Test Match:न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने अपने नाम एक खास उपलब्धि दर्ज कर ली है। दूसरे दिन 52 रन बनाकर नाबाद लौटे राहुल अब भारत के ऐसे पहले ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने SENA देशों की जमीन पर टेस्ट क्रिकेट में सभी चार टीमों के खिलाफ 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है। इस मामले में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग को भी पीछे छोड़ दिया है।

SENA देशों में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। राहुल इन चारों देशों में टेस्ट शतक लगा चुके हैं, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस बार उन्होंने अर्धशतक जड़कर खास रिकॉर्ड पूरा किया। सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतक लगाए थे, लेकिन न्यूजीलैंड में बतौर ओपनर वह अर्धशतक भी नहीं बना सके थे।

गावस्कर के रिकॉर्ड से अभी छह कदम दूर राहुल

SENA देशों में टेस्ट क्रिकेट के दौरान 50 से अधिक रन बनाने के मामले में राहुल एशियाई ओपनरों के बीच दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वह अब तक 13 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। उनसे आगे सिर्फ सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने इन देशों में 19 बार 50 प्लस स्कोर बनाया था। राहुल ने श्रीलंका के दमुथ करुणारत्ने को पीछे छोड़ा है, जिनके नाम 12 ऐसी पारियां थीं।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक राहुल 116 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 52 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। तीसरे दिन उनके पास न्यूजीलैंड में शतक पूरा करने का मौका होगा। ऐसा करने पर वह सभी चार SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन सकते हैं।

राहुल-जायसवाल की जोड़ी ने तोड़ा 45 साल पुराना रिकॉर्ड

इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड के पहली पारी में 368 रन बनाने के बाद भारतीय ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

इस साझेदारी के साथ राहुल और जायसवाल ने सुनील गावस्कर और चेतन चौहान का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। गावस्कर और चौहान ने 1981 में क्राइस्टचर्च टेस्ट में पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े थे। न्यूजीलैंड में भारत की ओर से सबसे बड़ी टेस्ट ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अब भी मनोज प्रभाकर और डब्ल्यूवी रमन के नाम है, जिन्होंने ऑकलैंड में 149 रन बनाए थे।

85 रन बनाकर आउट हुए यशस्वी

यशस्वी जायसवाल शानदार लय में नजर आ रहे थे, लेकिन शतक पूरा करने से पहले मैट हेनरी ने उनकी पारी रोक दी। हेनरी की गेंद पर विकेटकीपर टॉम ब्लंडल ने उनका कैच पकड़ा। जायसवाल ने 89 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाए।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 52 रन और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर नाबाद थे। भारतीय टीम को तीसरे दिन राहुल से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here