19 November Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने के बीच मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर को झारखंड, ओडिशा, बिहार, आंध्र प्रदेश समेत 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे और ठंड का असर बढ़ने की आशंका है।
दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर की दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवाएं 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने और झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
15 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर को झारखंड, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में बारिश तथा तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में घने कोहरे और ठंड की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने और कोहरे के साथ बारिश-आंधी की आशंका जताई गई है।
बिहार के पटना, सिवान, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज और समस्तीपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
झारखंड और ओडिशा में तूफानी बारिश के आसार
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, गुमला, खूंटी, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और साहिबगंज समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी की चेतावनी है। ओडिशा में भी चक्रवाती तूफान के प्रभाव से भारी बारिश हो सकती है। तटीय क्षेत्रों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में ठंड और कोहरे का असर
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में ठंड तथा कोहरे की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सोलन और बिलासपुर में भी ठंड और कोहरे का असर रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला, रामबन, शोपियां, बांदीपोरा, राजौरी, किश्तवाड़, जम्मू और पुंछ में तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी जाती है।
पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान में भी अलर्ट
पश्चिम बंगाल के हावड़ा, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर, झारग्राम, बांकुड़ा और बीरभूम में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
पंजाब के पठानकोट, बरनाला, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, गुरदासपुर, फरीदकोट और मोगा में घने कोहरे और ठंड की आशंका है। राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, उदयपुर और बूंदी समेत कई जिलों में कोहरा छा सकता है।
मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, कटनी, उमरिया और मंडला में ठंड तथा कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

