नामी वेबसाइट्स पर ऑनलाइन शॉपिंग या पेमेंट मामले में हैकर्स बिछा रहा खतरनाक जाल

0
4

चाहे ऑनलाइन शॉपिंग करनी हो, बैंक का काम निपटाना हो या फिर किसी मीटिंग के लिए लिंक खोलना हो, हम आंख मूंदकर इन बड़े ब्रांड्स पर भरोसा करते हैं।लेकिन जरा सोचिए, क्या हो अगर ये नामी वेबसाइट्स ही चुपके से आपके कंप्यूटर या फोन में खतरनाक वायरस भेजने लगें।अभी पिछले महीने के ‘ब्लैक अक्टूबर’ वाले साइबर झटकों से दुनिया उबरी भी नहीं थी कि अब एक नई रिपोर्ट ने पूरे इंटरनेट जगत में खलबली मचा दी है।साइबर सिक्योरिटी फर्म ‘Report uri’ ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे।रिपोर्ट के मुताबिक, किसी अनजान हैकर ने दुनिया भर के 178 बड़े ब्रांड्स की वेबसाइट्स में मैलिशियस यानी खतरनाक कोड डाल दिया था।इस लिस्ट में Zoom, Salesforce, Ikea, HSBC और Crocs जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल हम और आप रोजमर्रा की जिंदगी में करते हैं।

दरअसल, हैकर ने सीधे इन कंपनियों के मेन सर्वर पर हमला नहीं किया, बल्कि एक स्मार्ट रास्ता चुना।उसने ‘Optimizely Web’ नाम के एक पॉपुलर एक्सपेरिमेंटेशन प्लेटफॉर्म का सहारा लिया।कंपनियां अपनी वेबसाइट पर A/B टेस्टिंग और कस्टम कोड चलाने के लिए इस प्लेटफॉर्म के जावा स्क्रिप्ट स्निपेट का इस्तेमाल करती हैं।

हैकर ने बड़ी चालाकी से कस्टमर प्रोजेक्ट्स के ‘Project JavaScript’ वाले हिस्से में अपना एक लोडर फिट कर दिया।कमाल की बात यह थी कि बाकी का पूरा कोड बिल्कुल वैसा ही रहा और वह Optimizely के भरोसेमंद डोमेन और सर्टिफिकेट के साथ ही वेबसाइट्स पर लोड होता रहा।यानी किसी को कानों-कान खबर भी नहीं हुई कि असली कोड के पीछे एक जहरीला वायरस छिपा बैठा है।

यह मैलवेयर किसी जासूस की तरह काम कर रहा था। जैसे ही कोई यूजर इन प्रभावित वेबसाइट्स पर जाता, यह कोड पूरे पेज, फॉर्म फील्ड्स, लिंक्स और यहां तक कि आपके डिवाइस के क्लिपबोर्ड को स्कैन करने लगता था।इसका मुख्य निशाना क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट एड्रेस थे।अगर आपने कोई वैलिड क्रिप्टो एड्रेस कॉपी किया है और आपके ब्राउजर में इनमें से कोई भी वेबसाइट खुली हुई है, तो यह मैलवेयर पेस्ट करने से ठीक पहले उस एड्रेस को बदलकर हैकर के वॉलेट एड्रेस से रिप्लेस कर देता था।

सिर्फ क्रिप्टो ही नहीं, बल्कि वेबसाइट के फॉर्म में भरी जाने वाली आपकी क्रेडिट या डेबिट कार्ड की डिटेल्स भी सीधे हैकर के पास पहुंच रही थीं। इसके अलावा, यह कोड इतना खतरनाक था कि वह ‘Coruna’ और ‘DarkSword’ जैसे एक्सप्लॉइट किट्स की मदद से iPhones और iPads को भी निशाना बना सकता था। रिपोर्ट के अनुसार, 16 नवंबर को भारतीय समयानुसार रात 12:55 बजे तक हैकर के क्रिप्टो वॉलेट में करीब 7,040 डॉलर यानी लगभग 6,60,000 रुपये पहुंच भी चुके थे।

साइबर सिक्योरिटी फर्म ने कुल 1,611 Optimizely स्निपेट्स की जांच की, जिनमें से 188 संक्रमित पाए गए और ये सीधे तौर पर 178 संगठनों से जुड़े हुए थे। इस लिस्ट में हर सेक्टर के बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।बैंकिंग सेक्टर की बात करें तो HSBC US, HSBC Hong Kong और Equifax की वेबसाइट्स पर इसका असर दिखा। टेक की दुनिया से Zoom, Salesforce और Bitly जैसे प्लेटफॉर्म इसकी चपेट में आए।

शॉपिंग और लाइफस्टाइल ब्रांड्स में Asos, Mattel, American Eagle, Levi’s और भारत में Crocs India की वेबसाइट भी प्रभावित हुई।इसके अलावा Air France-KLM और Alaska Airlines जैसी एयरलाइंस, Coinpass जैसे क्रिप्टो प्लेटफॉर्म, और BBC, CNN व Fox News जैसे बड़े न्यूज आउटलेट्स के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं।यहां तक कि Change.org और UNICEF USA की वेबसाइट्स को भी नहीं बख्शा गया।

Optimizely ने बंद किया रास्ता, लेकिन सतर्क रहना जरूरी
इस रिपोर्ट के सामने आते ही Optimizely हरकत में आ गई और उसने पुष्टि की कि इस खामी को ठीक कर दिया गया है।कंपनी ने बताया कि किसी अनजान शख्स ने उनके एक्सपेरिमेंटेशन अकाउंट साइनअप फ्लो की एक कमजोरी का फायदा उठाकर कस्टमर प्रोजेक्ट्स में यह गलत कोड जोड़ा था। कंपनी के प्रवक्ता ने Cointelegraph को बताया कि उन्होंने उस रास्ते को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है, प्रभावित प्रोजेक्ट्स से खतरनाक कोड हटा दिया है और सभी संदिग्ध सेशंस व टोकन्स को रद्द करके अकाउंट्स का एक्सेस रीसेट कर दिया है।

पिछले एक महीने से इंटरनेट की दुनिया में लगातार साइबर सुरक्षा से जुड़ी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले PHP प्रोग्रामिंग लैंग्वेज की कमियों और कमजोर eMudhra सिक्योरिटी कीज ने भी खतरे की घंटी बजाई थी।वहीं दूसरी तरफ Microsoft और JPMorgan Chase में भी तकनीकी दिक्कतों के कारण सेवाएं बाधित हुई थीं, हालांकि दोनों कंपनियों ने साफ किया था कि वह कोई साइबर हमला नहीं था।कुल मिलाकर, आज के डिजिटल दौर में बड़ी से बड़ी वेबसाइट का इस्तेमाल करते वक्त भी अपनी आंखें और दिमाग खुले रखना बेहद जरूरी हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here