Punjab Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी और प्रदेश चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। जारी नियुक्ति पत्र के मुताबिक, दोनों टीमों में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। ढिल्लों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण कमेटियों का भी ऐलान किया जाएगा।
अविनाश राय खन्ना को मेनिफेस्टो कमेटी की जिम्मेदारी
बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन बनाया है। इस 13 सदस्यीय कमेटी में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एडवोकेट एच.एस. फूलका को शामिल किया गया है। यह टीम आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणा पत्र से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालेगी।
सुनील जाखड़ करेंगे चार्जशीट कमेटी की अगुवाई
वहीं, प्रदेश चार्जशीट कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। इस 14 सदस्यीय टीम में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एस.एस. चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है।
AAP सरकार को घेरने की तैयारी में बीजेपी
दोनों कमेटियों के गठन को पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा में बीजेपी की अहम संगठनात्मक तैयारी माना जा रहा है। मेनिफेस्टो कमेटी चुनावी वादों और घोषणा पत्र पर काम करेगी, जबकि चार्जशीट कमेटी को अलग राजनीतिक जिम्मेदारी दी गई है।
फिलहाल पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल है। बीजेपी भी राज्य में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। पार्टी नशे के मुद्दे पर लगातार AAP सरकार को निशाने पर ले रही है। ऐसे में आने वाले चुनाव से पहले इन कमेटियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

