China VT-4B Tank: पाकिस्तानी सेना के टैंकों को और ताकतवर बना रहा चीन,VT-4 टैंक को बनाया और ताकतवर

0
4

China VT-4B Tank: चीन ने अपने निर्यात किए जाने वाले VT-4 मेन बैटल टैंक का नया और आधुनिक संस्करण तैयार किया है। इसे संभावित तौर पर VT-4B नाम दिया जा सकता है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, नए मॉडल में पहले से बेहतर सुरक्षा कवच, आधुनिक सेंसर और शक्तिशाली हथियार प्रणाली शामिल की गई है। इसे युद्धक्षेत्र में ड्रोन समेत नए तरह के खतरों का मुकाबला करने के लिहाज से विकसित किया गया है।

इस टैंक को 7 से 13 दिसंबर तक चीन के झुहाई शहर में आयोजित होने वाली 16वीं चीन इंटरनेशनल एविएशन एंड एयरोस्पेस एग्जीबिशन में पेश किए जाने की संभावना है। प्रदर्शनी से पहले सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में इसे अन्य सैन्य उपकरणों के साथ झुहाई पहुंचते देखा गया है।

30mm तोप और बेहतर सुरक्षा

VT-4B में सबसे अहम बदलाव छत पर लगाए गए रिमोट-कंट्रोल्ड 30mm वेपन स्टेशन को माना जा रहा है। यह पुराने मॉडल में इस्तेमाल होने वाली 12.7mm मशीन गन की जगह ले सकता है। बड़ी तोप से टैंक को FPV ड्रोन, लोइटरिंग म्यूनिशन, पैदल सैनिकों और एंटी-टैंक दस्तों के खिलाफ अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इसके अलावा, टैंक के सेंसर सिस्टम में भी बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कमांडर के पुराने साइट सिस्टम की जगह इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर पॉड लगाया गया है। इससे निगरानी और लक्ष्य पहचानने की क्षमता बेहतर हो सकती है। हालांकि, निर्यात वाले इस मॉडल के सेंसर की वास्तविक खूबियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

टैंक के संचार सिस्टम में भी नए एंटेना लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि ये बेहतर डेटा लिंक उपलब्ध करा सकते हैं, जिससे युद्ध के दौरान दूसरे सैन्य वाहनों और इकाइयों के साथ तालमेल मजबूत होगा।

पाकिस्तान के लिए क्यों अहम है VT-4B?

VT-4 टैंक पाकिस्तान की सैन्य ताकत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। SIPRI के आर्म्स ट्रांसफर डेटाबेस 2022 के मुताबिक, पाकिस्तान ने चीन से 679 VT-4 टैंक खरीदने का समझौता किया था। इन टैंकों को पाकिस्तान में लाइसेंस के तहत असेंबल और निर्मित किया जाना था। वहां इन्हें ‘हैदर’ नाम दिया गया है।

बाद की रिपोर्टों में पाकिस्तानी सेना द्वारा इन टैंकों को अपने बेड़े में शामिल किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, नए VT-4B मॉडल को लेकर पाकिस्तान की किसी खरीद योजना की पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तान की सेना के तीनों अंगों में चीनी हथियार प्रणालियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। SIPRI के अनुमानों के अनुसार, पाकिस्तान के सैन्य उपकरणों का करीब 80 फीसदी हिस्सा चीन से आता है। ऐसे में VT-4B का विकास पाकिस्तान के लिए अहम हो सकता है, लेकिन यह देखना बाकी है कि वह इस नए संस्करण को खरीदने में दिलचस्पी दिखाता है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here