न्यूड फोटो के बदले पाकिस्तान को दे रहा था युद्ध के राज? भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर पर गंभीर आरोप

0
1

Indian Air Force Spy Case: भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तान की संदिग्ध खुफिया एजेंट के साथ गोपनीय सैन्य जानकारियां साझा करने का गंभीर आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी कथित तौर पर हनीट्रैप के जाल में फंस गया था। आरोप है कि उसने अश्लील तस्वीरों के बदले सैन्य अभियानों, युद्ध योजनाओं और ड्रोन यूनिट से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अधिकारी की संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट से व्हाट्सएप के जरिए बातचीत होती थी। पुलिस ने दोनों के बीच हुई चैट की जांच में हजारों संदेशों के अलावा तस्वीरें, कॉल, वीडियो कॉल और लिंक मिलने का दावा किया है। आरोपपत्र में कहा गया है कि अधिकारी ने सैन्य तैनाती, लड़ाकू विमानों की गतिविधियों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों से जुड़ी जानकारी भी साझा की थी।

हर तस्वीर के बदले युद्ध योजना का पन्ना देने का दावा

चार्जशीट में जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने अश्लील तस्वीरें हासिल करने के बदले गोपनीय दस्तावेजों के पन्ने भेजने की पेशकश की थी। पुलिस के मुताबिक, उसने कथित तौर पर कहा था कि हर नग्न तस्वीर के बदले वह युद्ध योजना का एक नया पन्ना उपलब्ध कराएगा।

जांच में ड्रोन यूनिट की संरचना, उसकी क्षमता और तकनीकी पहलुओं से जुड़ी जानकारियां साझा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस का मानना है कि ऐसी सूचनाएं देश की सैन्य सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती थीं।

पांच कर्मचारियों के डिवाइस में स्पाईवेयर डालने का आरोप

मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के कहने पर विंग कमांडर ने अपने अधीन काम करने वाले पांच कर्मचारियों के मोबाइल और अन्य उपकरणों में कथित तौर पर जासूसी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाया था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसके जरिए निजी और सैन्य जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश की गई।

प्रतिबंधित फोन मिलने के बाद खुला मामला

रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी को रेस कोर्स स्थित कार्यालय में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच में रोका गया था। उसके पास आईफोन मिला, जबकि संबंधित कार्यालय में फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी। बाद में डिवाइस की जांच के दौरान व्हाट्सएप बातचीत और कथित सूचनाओं के आदान-प्रदान का पता चला। इसके बाद वायुसेना की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई।

आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे 5 दिसंबर को पेश करने का आदेश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here