Pete Hegseth Arlington Cemetery: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ वेटरंस डे समारोह के बाद एक अप्रत्याशित घटनाक्रम को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। वह अपनी पत्नी जेनिफर और वरिष्ठ सहयोगियों के साथ अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में अज्ञात सैनिक की समाधि पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके समूह के कुछ सदस्य हंसते और बातचीत करते दिखाई दिए। स्मारक पर तैनात अमेरिकी सेना के संतरी ने उन्हें तुरंत टोकते हुए वहां शांति और सम्मान बनाए रखने की हिदायत दी।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बुधवार को हुई। सामने आए वीडियो में संतरी समूह को संबोधित करते हुए कहता सुनाई देता है कि सभी आगंतुकों को हर समय शांत रहना और स्मारक की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।
पेंटागन ने सैनिक की कार्रवाई को बताया सही
इस घटनाक्रम पर पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने संतरी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सैनिक ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आगंतुकों को स्मारक की मर्यादा याद दिलाई। पार्नेल के अनुसार, रक्षा मंत्री समेत पूरा रक्षा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता है।
हेगसेथ के साथ उनकी पत्नी जेनिफर, चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबॉ भी मौजूद थे।
क्यों खास है अज्ञात सैनिक की समाधि?
अर्लिंगटन कब्रिस्तान में बनी यह समाधि अमेरिका के सबसे सम्मानित सैन्य स्मारकों में शामिल है। यहां प्रथम विश्व युद्ध के एक ऐसे अमेरिकी सैनिक को दफनाया गया था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी। इसकी सुरक्षा अमेरिकी सेना की थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान करते हैं, जिन्हें ‘द ओल्ड गार्ड’ कहा जाता है। वर्ष 1948 से यहां लगातार संतरी तैनात किए जा रहे हैं।
महाभियोग की मांग के बीच ट्रंप ने की हेगसेथ की तारीफ
यह विवाद ऐसे वक्त सामने आया है, जब पीट हेगसेथ पहले से राजनीतिक आरोपों का सामना कर रहे हैं। रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने उनके खिलाफ महाभियोग की मांग की थी। मैसी ने आरोप लगाया था कि हेगसेथ ने ईरान के खिलाफ कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य कार्रवाई की और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी की। उन्होंने पेंटागन को न्यायिक प्रक्रिया के बिना हत्याओं का निर्देश देने का आरोप भी लगाया।
हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी ने प्रक्रियागत मतदान के जरिए महाभियोग की कोशिश को आगे बढ़ने से रोक दिया। हेगसेथ ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे नीतिगत मतभेद बताया था। इसके बाद वेटरंस डे कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की और उन्हें शानदार काम करने वाला व्यक्ति बताया।

