ब्लड टेस्ट में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ा हुआ आने पर अक्सर लोगों को लगता है कि उन्हें गाउट या जोड़ों में दर्द की समस्या होने वाली है। लेकिन हाई यूरिक एसिड का संबंध केवल जोड़ों से नहीं है। रिसर्च में इसका संबंध मोटापा, इंसुलिन रेजिस्टेंस और मेटाबॉलिक सिंड्रोम जैसी स्थितियों से भी पाया गया है।
मेटाबॉलिक सिंड्रोम ऐसी स्थिति है, जिसमें पेट के आसपास अतिरिक्त चर्बी, शुगर अनियंत्रित होना और कोलेस्ट्रॉल में गड़बड़ी जैसी समस्याएं एक साथ मौजूद हो सकती हैं। यूरिक एसिड और इन समस्याओं के बीच संबंध जटिल है। कुछ मामलों में इंसुलिन रेजिस्टेंस यूरिक एसिड को बढ़ा सकती है, जबकि कुछ रिसर्च यह भी बताती है कि यूरिक एसिड मेटाबॉलिक गड़बड़ियों में भूमिका निभा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी भी रिसर्च जारी है।
मेडलाइन प्लस के अनुसार यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक अपशिष्ट पदार्थ (टॉक्सिन्स) है, जो प्यूरिन्स नामक प्राकृतिक रासायनिक यौगिकों (नेचुरल कैमिकल कम्पाउंड) के टूटने से बनता है। प्यूरिन शरीर की कोशिकाओं में मौजूद होते हैं और कुछ खाद्य पदार्थों में भी पाए जाते हैं। शरीर सामान्य रूप से पुराने या क्षतिग्रस्त सेल्स के टूटने और भोजन से मिलने वाले प्यूरिन को प्रोसेस करते समय यूरिक एसिड बनाता है।
आमतौर पर यूरिक एसिड खून में घुला रहता है। किडनी इसे फिल्टर करके मुख्य रूप से पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकालती है। कुछ मात्रा आंतों के रास्ते भी बाहर निकलती है। यदि शरीर में यूरिक एसिड ज्यादा बनने लगे या किडनी इसे पर्याप्त मात्रा में बाहर न निकाल पाए, तो खून में इसका स्तर बढ़ सकता है। इस स्थिति को हाइपरयूरिसीमिया कहा जाता है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार मेटाबॉलिक सिंड्रोम किसी एक बीमारी का नाम नहीं है। यह कई मेटाबॉलिक जोखिमों का समूह है, जो एक साथ मौजूद होने पर टाइप 2 डायबिटीज, हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकते हैं।इसके प्रमुख फैक्टर निम्नलिखित है –
पेट के आसपास अतिरिक्त चर्बी: कमर का घेरा बढ़ना, जो शरीर में जमा Visceral Fat का संकेत हो सकता है।
ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ना: खून में एक प्रकार की वसा का स्तर अधिक होना।
एचडीएल कोलेस्ट्रॉल कम होना: एचडीएल को अक्सर गुड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है।
आमतौर पर इन पांच जोखिम कारकों में से तीन या अधिक मौजूद होने पर मेटाबॉलिक सिंड्रोम की पहचान की जा सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि डॉक्टर संबंधित मेडिकल हिस्ट्री, कमर के माप, ब्लड प्रेशर और ब्लड टेस्ट के आधार पर करते हैं।
हाई यूरिक एसिड और इंसुलिन रेजिस्टेंस के बीच संबंधों की बात करें तो एनसीबीआई के अनुसार इंसुलिन एक हार्मोन है, जो खून से ग्लूकोज को कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। जब शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति सामान्य प्रतिक्रिया नहीं देतीं, तो इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है। ऐसी स्थिति में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने के लिए शरीर अधिक इंसुलिन बना सकता है।
इंसुलिन रेजिस्टेंस और यूरिक एसिड के बीच संबंध दोनों दिशाओं में देखा गया है। इंसुलिन का स्तर बढ़ने पर किडनी द्वारा यूरिक एसिड बाहर निकालने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे खून में यूरिक एसिड जमा होने की संभावना बढ़ सकती है।
पेट के अंदरूनी हिस्से में अंगों के आसपास जमा होने वाली चर्बी को विसरल फैट कहा जाता है। यह केवल शरीर का वजन बढ़ने का संकेत नहीं है, बल्कि मेटाबॉलिक स्वास्थ्य से भी जुड़ी हो सकती है। अत्यधिक विसरल फैट शरीर में सूजन से जुड़े संकेतों और इंसुलिन की सामान्य कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकती है।
जब इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ती है, तो यूरिक एसिड के बनने पर भी असर पड़ सकता है। इसके अलावा, कुछ अध्ययनों में यूरिक एसिड, विसरल फैट और इंसुलिन रेजिस्टेंस के बीच ऐसा संबंध पाया गया है, जिसमें एक समस्या दूसरी के साथ जुड़ी हुई दिखाई देती है।
एनसीबीआई के अनुसार 2022 में प्रकाशित एक अध्ययन में इन संबंधों का विश्लेषण किया। इसमें 226 लोगों के विस्तृत मेटाबॉलिक मापों के साथ बड़े आबादी-आधारित डेटा का भी अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने यूरिक एसिड, इंसुलिन रेजिस्टेंस और विसरल के बीच परस्पर संबंध के संकेत पाए। फिर भी, इस तरह के निष्कर्षों को यह प्रमाण नहीं माना जा सकता कि हाई यूरिक एसिड अकेले पेट की चर्बी बढ़ाता है।
यूरिक एसिड और मेटाबॉलिक सिंड्रोम के बीच महत्वपूर्ण संबंध देखा गया है। इंसुलिन रेजिस्टेंस, पेट के आसपास जमा चर्बी और रक्तचाप की गड़बड़ी यूरिक एसिड के स्तर के साथ जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, हाई यूरिक एसिड अपने आप मेटाबॉलिक सिंड्रोम या गाउट का निदान नहीं है और दोनों के बीच संबंध को पूरी तरह समझने के लिए अभी और शोध की जरूरत है। यदि यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है, तो डॉक्टर की सलाह से अन्य मेटाबॉलिक जोखिमों और किडनी की सेहत का भी मूल्यांकन कराएं।

