गीजर खरीदते हुए अक्सर लोग टैंक की क्षमता को लेकर दुविधा में फंस जाते हैं कि उनके लिए कितने लीटर वाला गीजर काम का साबित होगा। हालांकि एक गीजर ऐसा भी आता है, जिसमें कोई टैंक होता ही नहीं। इन्हें टैंकलेस गीजर कहा जाता है और इनकी खासियत है कि ये बाथरूम में बहुत कम जगह लेते हैं। इसके अलावा इस गीजर को इस्तेमाल करते हुए आपको पानी गर्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ता और नल खोलते ही गर्म पानी मिल जाता है।
अगर आप भी नया गीजर लेने के बारे में सोच रहे हैं, तो आपको टैंकलेस गीजर के बारे में भी सोचना चाहिए। संभव है कि बड़े टैंक वाले गीजर के मुकाबले ये गीजर आपके ज्यादा काम आ सके।
जैसा कि नाम से समझ आता है, टैंकलेस गीजर में कोई वॉटर टैंक नहीं होता। आमतौर पर गीजर में 3 से 25 लीटर तक के वॉटर टैंक मिल जाते हैं। वहीं टैंकलेस गीजर में ऐसा कंटेनर नहीं होता। इसकी वजह से इनका आकार भी छोटा होता है और यह बाथरूम की दीवार पर ज्यादा जगह भी नहीं खाता।
किसी तरह का टैंक न होने की वजह से यह पानी को हाथों-हाथ गर्म करता है। ऐसे में पानी के गर्म होने का इंतजार भी नहीं करना पड़ता।
टैंकलेस गीजर बहाव के आधार पर काम करता है। जैसे ही आप नल ऑन करते हैं वैसे ही टैकलेस गीजर के अंदर लगे फ्लो सेंसर चालू हो जाते हैं।
इसके बाद पानी एक हाई-पावर हीटिंग कॉइल या हीट एक्सचेंजर से होकर गुजरता है। कुछ ही सेकंड में शक्तिशाली हीटिंग एलिमेंट बहते हुए पानी को हाथों-हाथ गर्म करने लगता है।
नल बंद होते ही सेंसर एलिमेंट को बिजली की सप्लाई करना बंद कर देता है।
भारत में आप टैंकलेस गीजर 2500 रुपये से 5000 रुपये में खरीद सकते हैं। ये आमतौर पर 3 से 4.5 किलोवाट क्षमता वाले होते हैं। वहीं प्रीमियम ब्रैंड के टैंकलेस गीजर 5.5 किलोवाट या उससे अधिक पावर के होते हैं और 6,000 से 12,000 रुपये तक की रेंज में मिल जाते हैं।टैंक के साथ आने वाले गीजर की कीमत के मुकाबले में ये गीजर शुरुआती लागत के तौर पर किफायती साबित होते हैं।
टैंकलेस गीजर को उन जगहों पर इस्तेमाल करना बेहतर रहता है जहां लगातार गर्म पानी की जरूरत नहीं होती जैसे कि रसोई में बर्तन धोने के लिए।इसके अलावा ऐसे अपार्टमेंट या घरों में जहां बाथरूम में बड़े गीजर लगाने की जगह नहीं होती, वहां भी टैंकलेस गीजर काम के साबित हो सकते हैं।
अगर घर में 2-3 लोगों को ही गर्म पानी इस्तेमाल करना हो और उन्हें तुरंत गर्म पानी की जरूरत रहती हो, तो टैंकलेस गीजर बिना इंतजार कराए बेहतरीन काम कर सकता है।
टैंकलेस गीजर पानी गर्म करने के लिए बहुत तेजी से बिजली खींचते हैं। इसके लिए घर में कम से कम 16 से 20 एंपियर का सॉकेट और मजबूत वायरिंग का होना बहुत जरूरी है। कमजोर वायरिंग पर ये गीजर लोड नहीं झेल पाते।वहीं अगर आपके यहां पानी का प्रेशर या बहाव काफी ज्यादा है, तो ये पानी को उतना खौलता हुआ गर्म नहीं कर पाते, जितना दूसरे टैंक वाले गीजर कर लेते हैं।
इसके अलावा अगर आप बर्फीले या पहाड़ी इलाके में रहते हैं, तो भी यह आपको उतना खौलता हुआ पानी गर्म करके नहीं दे पाएगा, जितना कि पारंपरिक गीजर दे पाते हैं।

