Karmabhoomi Express Fire: पंजाब के पटियाला जिले में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने से हड़कंप मच गया। राजपुरा के पास सराय बंजारा गांव के नजदीक हुई इस घटना में ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। आग और धुआं दिखाई देते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री अपना सामान छोड़कर जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर आए।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया। शुरुआती खबरों में कुछ यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई, लेकिन नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना से इनकार किया है।
सेफ्टी सिस्टम ने रोकी ट्रेन, मौके पर पहुंचे अधिकारी
रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सुरक्षा तंत्र सक्रिय हुआ, जिसके बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई। आग बुझाने का काम जारी है और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद होगा खुलासा
यह घटना ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में हुई, जो अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली थी। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अंबाला रेलवे मंडल के पीआरओ नीरज ने भी घटना की पुष्टि की है। उनके अनुसार, डीआरएम विनोद कुमार भाटिया घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।

