India vs Sri Lanka 2026: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दिसंबर में होने वाली भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज के पहले मुकाबले का वेन्यू बदल दिया है। पहले यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन अब इसकी मेजबानी विशाखापट्टनम को सौंपी गई है।
बीसीसीआई ने 5 नवंबर को जारी आधिकारिक सूचना में इस बदलाव की पुष्टि की। बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने संभावित मौसम संबंधी परेशानियों और स्टेडियम में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का हवाला देते हुए वेन्यू बदलने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुकाबले को विशाखापट्टनम के ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में कराने का फैसला लिया गया।
13 दिसंबर से शुरू होगी भारत-श्रीलंका सीरीज
श्रीलंका की टीम दिसंबर 2026 में भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। सीरीज की शुरुआत 13 दिसंबर को पहले वनडे से होगी, जबकि आखिरी टी20 मुकाबला 27 दिसंबर को खेला जाएगा।
भारत-श्रीलंका सीरीज का पूरा शेड्यूल
तारीख मुकाबला स्थान और समय
13 दिसंबर पहला वनडे विशाखापट्टनम, दोपहर 2 बजे
16 दिसंबर दूसरा वनडे बेंगलुरु, दोपहर 2 बजे
19 दिसंबर तीसरा वनडे अहमदाबाद, दोपहर 2 बजे
22 दिसंबर पहला टी20 राजकोट, शाम 7 बजे
24 दिसंबर दूसरा टी20 कटक, शाम 7 बजे
27 दिसंबर तीसरा टी20 पुणे, शाम 7 बजे
फिलहाल बीसीसीआई ने इस दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया है। अभी तक केवल सीरीज का कार्यक्रम जारी किया गया है।

