Diwali-Chhath Special Train: छठ-दीपावली पर ट्रेन में नहीं होगी परेशानी? रेलवे ने बनाया भीड़ नियंत्रण का खास प्लान

0
10

Diwali-Chhath Special Train: दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। खासतौर पर गोरखपुर और लखनऊ रूट पर भीड़ को नियंत्रित करने पर जोर दिया जा रहा है। बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए गोरखपुर महत्वपूर्ण पड़ाव है, इसलिए यहां अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के DRM गौरव अग्रवाल के अनुसार, गोरखपुर और लखनऊ रूट पर फिलहाल 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इनकी संख्या में और इजाफा किया जा सकता है।

स्टेशनों पर तैनात रहेंगी विशेष टीमें

त्योहारी सीजन में स्टेशनों पर भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए रेलवे की टीमें प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगी। अधिकारी लगातार हालात की निगरानी करेंगे। इसके लिए महाकुंभ के दौरान अपनाई गई भीड़ प्रबंधन व्यवस्था से भी मदद ली जाएगी। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने और ट्रेन में चढ़ने-उतरने की सुविधा देना है।

नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच दो-दो फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन

त्योहारों के मद्देनजर नई दिल्ली और गोरखपुर के बीच आरक्षित साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। ट्रेन संख्या 04022/04021 कुल दो-दो फेरे लगाएगी। इससे बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।

नई दिल्ली से गोरखपुर: ट्रेन संख्या 04022 छह और 13 नवंबर (शुक्रवार) को नई दिल्ली से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में रात 9:12 बजे लखनऊ, अगले दिन रात 1:32 बजे गोंडा, सुबह 2:40 बजे बस्ती और 3:30 बजे खलीलाबाद पहुंचेगी। इसका गोरखपुर पहुंचने का समय सुबह 4:10 बजे निर्धारित है।

गोरखपुर से नई दिल्ली: वापसी में ट्रेन संख्या 04021 सात और 14 नवंबर (शनिवार) को सुबह 7 बजे गोरखपुर से चलेगी। यह 7:42 बजे खलीलाबाद और 8:05 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 9:45 बजे गोंडा और दोपहर 1:10 बजे लखनऊ से गुजरते हुए रात 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के लिए ट्रेनों के संचालन के साथ स्टेशनों पर भी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here