Florida Private Jet Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बहामास जा रहा Learjet 60 प्राइवेट जेट दक्षिण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। अपने गंतव्य की ओर बढ़ते समय यह अचानक नीचे की तरफ गिरने लगा और मिलिट्री ट्रेल तथा 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास सड़क के नजदीक जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में वह आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया।
सड़क पर मलबा, आसमान में छाया काला धुआं
हादसे के बाद घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सड़क का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और काले धुएं का गुबार दूर तक नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रिहायशी मकानों से बेहद करीब गिरा। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह सीधे किसी घर से नहीं टकराया।
इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। कारों में बैठे कुछ लोगों ने विमान को तेजी से नीचे आते और जमीन से टकराने के बाद आग की लपटों में घिरते हुए रिकॉर्ड किया।
FAA और NTSB करेंगे हादसे की जांच
परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, संघीय विमानन प्रशासन (FAA) की टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में मदद करेगी। फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं है और मृतकों की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी जेट था, जिसका टेल नंबर N722BD है।
दो घंटे तक बिजली आपूर्ति रही बाधित
हादसे के बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने एहतियातन सड़क के दोनों ओर यातायात बंद कर दिया। दमकल और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय निवासी के मुताबिक, दुर्घटना के कारण आसपास के इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

