Samastipur Police Encounter: समस्तीपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

0
4

Samastipur Police Encounter: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर उच्च विद्यालय के पास गुरुवार शाम हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग के दौरान मनीष कुमार नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल भेजा गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम करीब 7:15 बजे मुसरीघरारी थाना पुलिस, एसटीएफ और जिला सूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में जुटे हैं। इसके बाद टीम ने गंगापुर हाईस्कूल के नजदीक एक बगीचे में छापेमारी की।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनीष कुमार के पैर में गोली लगी। उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दूसरे आरोपी दिलीप राय को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया।

अंधेरे का फायदा उठाकर तीन आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

मौके से एक मैगजीन लगी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, फायरिंग में इस्तेमाल हुए कई खोखे, गोली का अगला हिस्सा, दो मोबाइल फोन और काले रंग की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मनीष पर दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज

पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मनीष कुमार के खिलाफ समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और नालंदा समेत विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी दिलीप राय का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

मामले में मुसरीघरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।

कार्रवाई में क्या-क्या हुआ?

– गिरफ्तार आरोपी: मनीष कुमार और दिलीप राय।
– घायल: मनीष कुमार के पैर में गोली लगी।
– फरार: तीन अन्य आरोपी।
– बरामदगी: एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, कई खोखे, गोली का अग्रभाग, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल।
– आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस के अनुसार मनीष पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here