Motihari Fake Currency Racket: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने जाली नोटों का कारोबार करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस ने ₹500 के 3,997 नोट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 19 लाख 98 हजार 500 रुपये बताई गई है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी रोहित कुमार शाही को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर की शाम डायल-112 हरसिद्धि को सूचना मिली थी कि यूपी नंबर की फॉर्च्यूनर और नेक्सॉन कार में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की तरफ जा रहे हैं और वे जाली नोटों के कारोबार से जुड़े हैं।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने मानिकपुर चौक पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान दोनों गाड़ियां वहां पहुंचीं। जांच के समय नेक्सॉन कार से तीन लोग भाग निकले, जबकि रोहित कुमार शाही को एक बैग के साथ पकड़ लिया गया।
मोबाइल चैट और तस्वीरों से मिले अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, बैग की तलाशी में ₹500 के 40 बंडलों में रखे 3,997 नोट मिले। बरामद रकम के वैध स्रोत के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज नहीं दे सका।
पूछताछ में उसने बताया कि दोनों गाड़ियों में सवार लोग गोरखपुर के रहने वाले हैं और एक ही गिरोह से जुड़े हैं। उसने बेतिया से जाली नोटों का कारोबार संचालित होने की बात भी बताई।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें सोनू सिंह नामक व्यक्ति की ओर से भेजी गई नोटों की गड्डियों की तस्वीरें और जाली करेंसी को लेकर बातचीत मिली। मोबाइल के रिसायकल बिन से एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें और नकली नोटों से जुड़े कई वीडियो भी बरामद हुए।
बेतिया में छापेमारी, 10 जिंदा कारतूस बरामद
मोबाइल चैट और आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने मोतिहारी तथा बेतिया के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। बेतिया में कार्रवाई के दौरान गिरोह के सक्रिय सदस्य ओशक मिश्रा के घर से .350 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस बरामदगी को लेकर बानुछापर थाने में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार शाही के पास से जाली नोटों के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

