कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल एक तरफ SIR और कथित ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन में जुटे हैं तो वहीं बीजेपी भी विपक्ष पर पलटवार करने का कोई मौका नहीं चूक रही है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मोर्चा खोलते हुए विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा है। पीएम मोदी ने विपक्षी दलों को अफवाह फैलाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जब देश संकट का सामना करता है तो विपक्षी दल खुश होते हैं।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे (INDIA Block) देश पर आए संकट का फायदा उठाना चाह रहे हैं। गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर कई वार किए। उन्होंने कहा कि ये वो लोग हैं, जो भारत को मुसीबत में देखना चाहते हैं। जब-जब देश संकट में आता है, तो वो लोग खुश हो जाते हैं। पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाड़ी में चल रही जंग का भी जिक्र किया।
पिछले दो साल से ईरान और इजरायल के बीच सीधा टकराव चल रहा है। एक साल पहले यानी 2025 में दोनों देशों के बीच 12 दिन का युद्ध (Twelve-Day War) हुआ था। इस साल फरवरी 2026 से इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ सीधे हमले शुरू कर दिए। अमेरिका और इजरायल दोनों ही ईरान के ऊपर कई हमले कर चुके हैं। बदले में ईरान भी पलटवार कर रहा है। ईरान के पास इतनी क्षमता तो नहीं है कि वह सीधे अमेरिका तक अपनी मिसाइल पहुंचा दे। लेकिन शिया मुल्क ड्रोन और मिसाइलों के जरिए खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों को लगातार निशाना बना रहा है।
ईरान के सहयोगी हूती विद्रोही तो एक कदम आगे बढ़कर उन खाड़ी देशों के सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को भी टारगेट कर रहे हैं, जिन देशों में अमेरिका के आर्मी बेस हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषण में इस जंग की तरफ ही इशारा कर रहे थे। हालात यह है कि ऐसा कोई देश नहीं बचा है, जिस पर इन इजरायल और ईरान की जंग का असर न पड़ा हो। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑयल के दाम काफी महंगे हो गए हैं। होर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही करने वाले जहाजों को ईरान और अमेरिका दोनों ही अपनी सुविधा के अनुसार निशाना बना रहे हैं। ग्लोबल सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को एक बार फिर इस समस्या के बारे में याद भी दिलाया है।

