Sanjay Raut Contempt Case: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से दाखिल आपराधिक अवमानना याचिका में पत्रकार निखिल वागले का नाम भी शामिल है। अदालत ने वागले को उसी दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने को कहा है।
पिछली सुनवाई में दोनों को नोटिस जारी किए गए थे। निखिल वागले की ओर से माफीनामा दाखिल किया गया है, जबकि संजय राउत का जवाब और उनके वकील का वकालतनामा रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं होने के कारण अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया।
क्या है पूरा विवाद?
यह मामला चुनाव आयोग के कामकाज और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं से CJI सूर्यकांत की मुलाकात नहीं होने को लेकर संजय राउत की आलोचनात्मक टिप्पणियों से जुड़ा है। राउत ने न्यायपालिका और राजनीतिक हस्तियों के संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने एक तस्वीर के संदर्भ में लंदन में बैडमिंटन खेलने का आरोप लगाया था। हालांकि, अटॉर्नी जनरल ने स्पष्ट किया था कि संबंधित तस्वीर लंदन की नहीं, बल्कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम की थी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने संस्थानों पर इस तरह के कथित हमलों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। अब अदालत 17 नवंबर को मामले में आगे की सुनवाई करेगी।

