वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी को अमित शाह की दो टूक

0
3

यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को 8,941 करोड़ की लागत वाली दिल्ली जल बोर्ड की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की पूर्व सरकारों पर सीवर का पानी यमुना में छोड़ने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी और एसआईआर को मुद्दे को लेकर पलटवार भी किया।

अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार सरकारें भारतीय जनता पार्टी की चुनकर आ रही है। उनको पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वो कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी लोगों वोट से चुनकर नहीं आती। वोट चोरी करती है।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा, कि राहुल जी आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ गया था है। वोट चोरी, वोट चोरी कहकर आप घुसपैठियों को वोटर बनाना चाहते हो, उनका वोट बचाना चाहते हो।

अमित शाह ने कहा कि आज इस मंच से मैं कांग्रेस पार्टी और उनके साथियों को कहना चाहता हूं कि कभी EVM का बहाना लाते हो, कभी वोट चोरी का बहना लाते हो, मगर मैं आपको बताता हूं कि बीजेपी की केंद्र में मोदी सरकार बनने के पहले से आप कभी भी कई राज्यों में चुन कर नहीं आएं। गुजरात में 41 साल से आपकी सरकार नहीं बनी, एक भी चुनाव नहीं जीते। उत्तर प्रदेश में 41 साल से आप चुनाव नहीं जीते, बंगाल में 54 साल से चुनाव नहीं जीते, तमिलनाडु में 64 साल से चुनाव नहीं जीते, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 28 साल से आपकी पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनी और अरुणाचल में 12 साल से चुनकर नहीं आए, मिजोरम में 13 साल से, मणिपुर में 14 साल से, दिल्ली में 18 साल से और असम में भी 12 साल से आप चुनकर नहीं आए हो। ये क्या सब मोदी जी आने से पहले से शुरू हुआ है?’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अब मैं कहता हूं कि 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी तो ये जनता को कहते हैं कि देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह जी को कैसे मालूम पड़ा। अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा, मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नाकारात्मक राजनीति कर रहे है, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2014 से 30 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है।

उन्होंने चुनाव आयोग पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे आरोपों पर शाह ने कहा कि जब कांग्रेस केरल में चुनाव जीतती है, तो चुनाव आयोग अच्छा है। तेलंगाना में आप चुनाव जीतते हैं, तो इलेक्शन कमिशन सही है, मतदाता सूची भी सही है। लेकिन जहां हार जाते हो, वहां पर चुनाव आयोग अच्छा नहीं है। अगर आपके पक्ष में अदालतें फैसला देती हैं, तो अदालतें अच्छी हैं, लेकिन अगर विरोध में फैसला देती हैं, तो अदालतों पर सवाल उठाते हो।

अमित शाह ने राहुल गांधी को मैसेज देते हुए कहा कि ये दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे। आप कुछ आसपास के प्रदेशों से कार्यकर्ताओं को एकत्र करके दिल्ली में प्रदर्शन करके जनता के जनादेश को झूठला नहीं सकते। देश की जनता आपको देख रही है और जान भी रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे मालूम है कि आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते, क्योंकि आप विदेश में बैठे हो। लेकिन कोई बात नहीं वो आपकी निजी जिंदगी है। लेकिन अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।

इस दौरान अमित शाह ने दिल्ली की जनता को आश्वस्त किया कि तय समय सीमा में यमुना नदी को स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस नतीजे सामने आएंगे

अमित शाह ने इस दौरान कहा कि मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने उन्होंने रखी थी। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है। आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है।

अमित शाह ने पिछली कांग्रेस और आम आदमी ने पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि करीब 30 साल तक दिल्ली की सरकारों ने सीवर का पानी यमुना में छोड़ने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में डेयरियों से निकलने वाला रोजाना करीब 2,000 टन गोबर भी यमुना में डाला जाता था। शाह ने कहा कि पहले हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाले औद्योगिक और गंदे पानी की समस्या भी बनी हुई थी।

गृह मंत्री ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल काम करने के बजाय बहाने बनाते हैं। शाह के मुताबिक, पिछली सरकारें केंद्र से मदद नहीं मिलने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचती थीं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी, मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है, मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।

शाह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को लेकर भी पिछली सरकारों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कूड़े के पहाड़ों को कम करने का काम किया है और दो साल बाद वहां बगीचा दिखा।

अमित शाह ने यमुना की सफाई को लेकर केजरीवाल के पुराने वादों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने तीन बार यमुना में डुबकी लगाने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। शाह ने कट आउट वाली घटना का जिक्र करते हुए भी उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने यमुना के शुद्धिकरण के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।

गृह मंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार दिल्ली के हर घर को सीवर कनेक्शन देने और लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि यमुना की सफाई और दिल्ली की जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए शुरू की गई परियोजनाओं से राजधानी के लोगों को राहत मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here