Aaj Ka Mausam, 10 October 2026: देश के कई हिस्सों में सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। किसानों और मछुआरों को भी मौसम संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश की आशंका
यूपी के कानपुर, आगरा, मेरठ, मिर्जापुर, गाजियाबाद, सहारनपुर, रायबरेली और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में कई जिलों पर नजर
बिहार के गोपालगंज, सिवान, बक्सर, भोजपुर, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जयपुर में तापमान 22 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन, देवास, जबलपुर, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और रायसेन सहित कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और हवाएं चलने की आशंका है। मनाली में तापमान शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और अल्मोड़ा में बारिश का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और फिसलन के जोखिम को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, कठुआ, राजौरी और डोडा सहित कई इलाकों में बारिश तथा तेज हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु में भी बारिश के आसार
तमिलनाडु के थेनी, मदुरै, तेनकासी, रामनाथपुरम, तंजावुर, तिरुचि और सलेम समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चेन्नई में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

