नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके फिरोजशाह रोड पर राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर कोठी नंबर-18 में घुसे और घर से टैबलेट व अन्य सामान चोरी करने के अलावा बाथरूम की टोटी तक उखाड़ ले गए। इतना ही नहीं, मकान के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी गायब मिला।
वारदात के वक्त सांसद और उनके परिवार के सदस्य दिल्ली में मौजूद नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, खाली सरकारी आवास को देखकर आरोपितों ने मौका पाकर चोरी को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
शनिवार शाम बाराखंभा रोड थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सांसद के सरकारी आवास में चोरी की जानकारी मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच की। मामला हाई-प्रोफाइल सरकारी आवास से जुड़ा होने के कारण फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
चोरी का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया
प्रारंभिक जांच में टैबलेट, कुछ जरूरी सामान और बाथरूम की टोटी चोरी होने की बात सामने आई है। घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी मौके से गायब मिला। हालांकि, चोरी गए सामान की अंतिम सूची अभी तैयार नहीं हुई है।
परिवार के सदस्य रविवार रात को दिल्ली पहुंचे हैं। उनके आने के बाद घर में मौजूद सामान का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद ही चोरी की पूरी जानकारी और नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए चोरों के परिसर में दाखिल होने और वारदात के बाद भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और क्या चोरी से पहले सरकारी आवास की रेकी की गई थी।
गटर के ढक्कन और बाथरूम की टोटी जैसी चीजें भी चोरी होने के कारण पुलिस घटना के पीछे संभावित मकसद की अलग-अलग कोणों से जांच कर रही है। इस सिलसिले में CPWD अधिकारियों से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

