IND vs WI 3rd ODI: 351 रन भी नहीं बचा पाए भारत को! शाई होप ने 162 रन ठोककर वेस्टइंडीज को दिलाई ऐतिहासिक जीत

0
2

IND vs WI 3rd ODI: न्यू चंडीगढ़ में खेले गए भारत और वेस्टइंडीज के तीसरे वनडे में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। भारत के 351 रन के विशाल स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप के नाबाद 162 रन की शानदार पारी के दम पर 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया। कैरेबियाई टीम ने लक्ष्य 10 गेंद बाकी रहते हासिल किया। यह वनडे इतिहास में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया।

राहुल का तूफानी शतक

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और 160 रन तक चार विकेट गिर चुके थे। इसके बाद केएल राहुल ने 87 गेंदों में नाबाद 129 रन ठोककर पारी को संभाला। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। राहुल ने नमन धीर के साथ 65 और गुरनूर बराड़ के साथ सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन की साझेदारी कर भारत को 351/7 तक पहुंचाया।

यह राहुल का वनडे में नौवां शतक है और 129 रन उनके करियर का सर्वोच्च वनडे स्कोर भी बन गया। न्यू चंडीगढ़ में वह टेस्ट और वनडे दोनों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।

विराट कोहली का गोल्डन डक

टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुभमन गिल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके तुरंत बाद विराट कोहली पहली गेंद पर बोल्ड होकर गोल्डन डक का शिकार बने। जेडन सील्स ने उन्हें आउट किया। सील्स वनडे में कोहली को पहली वैध गेंद पर आउट करने वाले चौथे गेंदबाज हैं।

रोहित शर्मा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 92 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 रन बनाए। इसी दौरान रोहित ने बतौर ओपनर वनडे में 10 हजार रन पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं। रोहित ने महज 202 पारियों में यह आंकड़ा छुआ, जो बतौर ओपनर सबसे तेज 10 हजार रन का रिकॉर्ड है।

शाई होप ने भारत से छीनी जीत

352 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज को शुरुआती झटका मोहम्मद सिराज ने दिया, लेकिन इसके बाद शाई होप और आमिर जांगू ने दूसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़कर पारी को संभाल लिया। आमिर 67 रन बनाकर रन आउट हुए।

बाद में शाई होप ने मोर्चा संभालते हुए भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 143 गेंदों पर नाबाद 162 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 3 छक्के शामिल थे। कीमो पॉल 44 रन पर आउट हुए, जबकि कुलदीप यादव ने मैथ्यू फोर्ड को पवेलियन भेजा। आखिरकार वेस्टइंडीज ने 49वें ओवर से पहले ही लक्ष्य हासिल कर भारत को 5 विकेट से हरा दिया।

शाई होप ने भी रचा इतिहास

162 रन की पारी के साथ शाई होप ने वनडे में अपना 21वां शतक पूरा किया। वह सबसे कम पारियों में 21 वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 152 पारियों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। विकेटकीपर-कप्तान के रूप में भी उनके नाम अब 8 वनडे शतक हो गए हैं, जो इस मामले में सर्वाधिक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here