Bihar News: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में अपने एक महीने का मानदेय ₹2.25 लाख सहायता राशि के रूप में समर्पित किया। इस राशि का चेक उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान सौंपा।
मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि बिहार के मिथिला और चंपारण सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। ऐसे मुश्किल समय में पीड़ितों की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सक्षम लोगों से भी राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
CM से संस्कृत शिक्षा और परीक्षा-2027 पर चर्चा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें खास तौर पर मध्यमा परीक्षा-2027, संस्कृत शिक्षा के विस्तार, नए एवं प्रस्तावित संस्कृत विद्यालयों और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

झा ने मुख्यमंत्री को बताया कि संस्कृत विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मध्यमा परीक्षा-2027 में ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नई पीढ़ी को संस्कृत शिक्षा से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है।
मिथिला की संस्कृति की झलक भी दिखी
मुलाकात के दौरान मृत्युंजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मखाना की माला, मिथिला पेंटिंग, मिथिला पेंटिंग की चादर और मिथिला पाग भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बिहार के विकास और जनकल्याण के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सहायता, संस्कृत शिक्षा का विस्तार और विकसित बिहार का निर्माण उनके प्रमुख संकल्पों में शामिल हैं। उनके मुताबिक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं के क्षेत्र में राज्य में लगातार काम किया जा रहा है।

