पटना: सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को बिहार के जल संसाधन विभाग की ओर से अभियंता दिवस समारोह आयोजित किया गया। सिंचाई भवन स्थित सभागार में हुए कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस दौरान वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभाग के 9 अभियंताओं को मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विश्वेश्वरैया के कार्यों से प्रेरणा लेने की अपील
समारोह में विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया ने अपने दूरदर्शी और अनुकरणीय कार्यों से ऐसी पहचान बनाई, जिसके कारण उन्हें आज भी याद किया जाता है। जल संसाधन के क्षेत्र में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने विभाग के अभियंताओं से अपील की कि वे विश्वेश्वरैया के कार्यों से प्रेरणा लेकर ऐसे प्रोजेक्ट और कार्य करें, जिनका सकारात्मक प्रभाव लंबे समय तक दिखाई दे और जिन्हें आने वाली पीढ़ियां भी याद करें।

मंत्री ने कहा कि किसी अभियंता की पहचान सिर्फ उसकी तकनीकी दक्षता से नहीं होती। उसके काम का वास्तविक परिणाम, लोगों के साथ व्यवहार और स्थानीय समुदाय के साथ संवाद भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभियंताओं को स्थानीय लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर जनहित से जुड़े अनुकरणीय कार्य करने पर जोर दिया।
खरीक में बाढ़ से निपटने के काम की सराहना
विजय चौधरी ने भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड में हाल में किए गए फ्लड फाइटिंग कार्य का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं ने लगातार दिन-रात मेहनत की।
उन्होंने बताया कि एक समय तटबंध को सुरक्षित रखना बेहद कठिन नजर आ रहा था, लेकिन अभियंताओं की तत्परता और मेहनत से महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई। इस कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
बदलती जलवायु के बीच नई चुनौतियों के लिए तैयार रहें अभियंता
विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों में जल संसाधन विभाग के अभियंता क्षेत्र में रहकर तकनीकी क्षमता और तत्परता के साथ जिम्मेदारी निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य के कारण बारिश के पैटर्न में बदलाव, नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ना और पानी की बढ़ती जरूरत जैसी चुनौतियां आगे और गंभीर हो सकती हैं। ऐसे में पेयजल, औद्योगिक विकास, जल प्रबंधन और जल सुरक्षा के क्षेत्र में अभियंताओं को अपनी तकनीकी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करना होगा।

इन 9 अभियंताओं को मिला सम्मान
वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य के लिए चन्द्र शेखर कुमार, शाहिद कमाल, इफ्तेखार इमाम, विजय रंजन, सूरज कुमार, अनिल कुमार, प्रशांत कुमार, किरण कुमारी और अमरेन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने स्वागत भाषण दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन परामर्शी आई.सी. ठाकुर ने किया। समारोह में विशेष सचिव के.डी. प्रौज्वल, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, अभियंता प्रमुख ब्रजेश मोहन, अभियंता प्रमुख निखिल कुमार, मुख्य अभियंता धर्मेंद्र कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

