Yemen Conflict Escalates: यमन संघर्ष ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। ईरान समर्थित हूती समूह ने सऊदी अरब के कई इलाकों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में 13 लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि कम से कम सात रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा है।
सऊदी सैन्य गठबंधन ने की हमले की पुष्टि
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी के मुताबिक, हूतियों ने खमीस मुशेत, आभा और ताइफ समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाया।
खमीस मुशेत के सैन्य एयरबेस पर भी कई मिसाइल और ड्रोन दागे गए। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों का निशाना विमान हैंगर, रडार सिस्टम, रनवे और हथियारों के भंडारण वाले क्षेत्र थे। घटना के बाद सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्सों में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया।
जवाब में तेज हुई हवाई कार्रवाई
हूती हमलों के बाद सऊदी और यमनी बलों की ओर से भी जवाबी अभियान तेज किए जाने की खबर है। लाल सागर के तट पर स्थित मोचा बंदरगाह के आसपास के इलाकों में हवाई हमले किए गए हैं।
इस बीच हूती समूह पश्चिमी यमन के तटीय इलाकों और लाल सागर के प्रवेश क्षेत्र के करीब स्थित पेरिम द्वीप पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
होर्मुज को लेकर बातचीत भी प्रभावित
बढ़ते तनाव का असर क्षेत्रीय कूटनीति पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। खाड़ी देशों और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर प्रस्तावित अहम बातचीत टल गई है।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि रणनीतिक समुद्री मार्ग उनके नियंत्रण में है और फिलहाल इसे बंद रखा गया है। ऐसे में यमन संघर्ष के साथ-साथ लाल सागर और होर्मुज क्षेत्र में बढ़ता तनाव पूरे पश्चिम एशिया के लिए चिंता का विषय बन गया है।

