DRI Action: कराची से दुबई, फिर भारत… ऐसे पकड़ा गया पाकिस्तानी माल, DRI की बड़ी कार्रवाई

0
5

DRI Action: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित CFS अंबड में बड़ी कार्रवाई करते हुए सूखे खजूर से भरे 13 कंटेनर जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि इन कंटेनरों में मौजूद माल का मूल पाकिस्तान था, जबकि आयात दस्तावेजों में UAE को इसका मूल देश बताया गया था।

कराची से जेबेल अली और फिर भारत भेजा गया माल

PIB के अनुसार, यह खेप UAE के जेबेल अली पोर्ट से भारत पहुंची थी। DRI की शुरुआती जांच में कथित तौर पर सामने आया कि पाकिस्तान के मूल को छिपाने के लिए माल की ट्रांसशिपमेंट की गई।

सूखे खजूर पहले पाकिस्तान के कराची बंदरगाह से जेबेल अली भेजे गए। वहां कंटेनरों को बदला गया और दूसरे कंटेनरों में माल लोड कर भारत के लिए रवाना किया गया। जांच में इस प्रक्रिया में पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा संचालित संस्थाओं की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है।

पाकिस्तान से आयात पर भारत में प्रतिबंध

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने 2 मई 2025 से पाकिस्तान मूल के सामान के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात तथा ट्रांजिट पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद DRI ने ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत तीसरे देशों के जरिए भारत लाए जा रहे कथित पाकिस्तानी मूल के सामान पर निगरानी बढ़ाई है।

DRI की ताजा कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा बताई जा रही है। जब्त किए गए 13 कंटेनरों की जांच के जरिए माल की वास्तविक उत्पत्ति और पूरी सप्लाई चेन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here