Patna Eye Camp: पटना की राम नगरी कॉलोनी सेक्टर-2 में रविवार को आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया। राम नगरी सेक्टर-2 RWA और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक के संयुक्त प्रयास से लगाए गए इस कैंप में लोगों को घर के नजदीक ही आंखों की जांच की सुविधा मिली।
सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में विजुअल एक्युटी टेस्ट, ऑटो-रिफ्रैक्टोमीटर, स्लिट लैंप समेत कई प्राथमिक नेत्र जांच की गईं। हाईटेक विजन वैन के जरिए भी लोगों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई। जिन लोगों में आगे की जांच की जरूरत पाई गई, उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल रेफर किया गया।

अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विवेक विकास ने बताया कि बिहार में इलाज योग्य अंधेपन को कम करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि 2030 तक 1.20 करोड़ नेत्र परीक्षण और 20 लाख नेत्र सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है। पटना के किदवईपुरी स्थित पटना विजन लाउंज में ओपीडी सुविधा के साथ सर्जरी के लिए मस्तीचक स्थित अस्पताल तक मरीजों को आने-जाने की नि:शुल्क वाहन सुविधा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

RWA सचिव अंजनी शर्मा ने कहा कि यह शिविर कॉलोनी में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एसोसिएशन की पहल का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में मकान नंबर प्लेट, कॉलोनी साइनबोर्ड, स्ट्रीट लाइट, मैनहोल मरम्मत, सफाई, फॉगिंग और पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन से जुड़ी सुविधाओं पर भी काम किया गया है।

शिविर के मेजबान और वरिष्ठ अधिवक्ता एम.पी. दीक्षित ने कहा कि लोगों की बड़ी भागीदारी RWA के प्रति बढ़ते भरोसे को दिखाती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कॉलोनी में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यह शिविर मई 2026 में गठित RWA की वर्किंग कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की टीम और RWA के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

