एनपीसीआई ने यूपीआई के लिए दो नए फीचर्स को पेश किया है। ये हैं- पॉइंट-ऑफ-सेल (POS) टर्मिनलों के लिए ‘टैप-एंड-पे’ की सुविधा और ‘MyUPI’ नाम का एक AI-पावर्ड कस्टमर सपोर्ट प्लेटफॉर्म। इनमें से पहले फीचर यानी ‘टैप-एंड-पे’ के तहत POS मशीन पर टैप करके 5 हजार रुपये तक का पेमेंट बिना यूपीआई पिन डाले किया जा सकेगा। यह सुविधा किसी खास ऐप तक सीमित नहीं है। फोनपे, गूगलपे और पेटीएम यूजर्स को भी इसका फायदा मिलेगा। हाल ही में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान इसकी घोषणा की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने स्मार्टफाेन में NFC (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) फीचर को ऑन करके किसी भी शॉप में लगी NFC-इनेबल्ड POS मशीन पर टैप करके पेमेंट कर सकते हैं। इसकी सबसे खास बात है कि यूजर के फोन में इंटरनेट होना जरूरी नहीं है। यह पेमेंट POS मशीन के इंटरनेट से ही पूरा हो जाता है। यानी बिलिंग काउंटर पर इंटरनेट के सिग्नल ना आएं तब भी पेमेंट हो जाता है। इसमें UPI से जुड़े कई तरह के अकाउंट जैसे- UPI पर रुपे क्रेडिट कार्ड सपोर्ट करते हैं और 5 हजार तक के पेमेंट बिना UPI पिन के हो जाएंगे। उससे ज्यादा के पेमेंट के लिए POS मशीन पर PIN डालना होगा।
एनपीसीआई ने एक और फीचर की घोषणा की है। यह है MyUPI, जो एआई की मदद से काम करता है।
MyUPI’ उन यूजर्स के लिए है जो अलग-अलग बैंकों के ऐप्स से किए गए यूपीआई पेमेंट्स को एक ही जगह पर देखना चाहते हैं। जानकारी के अनुसार, इसे एनपीसीआई के लैंग्वेज मॉडल ‘FiMI’ पर बनाया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अलग-अलग बैंकों और ऐप्स पर हुए उनके सभी UPI पेमेंट्स और ऑटोपे को एक जगह पर देख सकते हैं।
‘MyUPI’ में कई सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं। अगर यूजर को किसी धोखाधड़ी का शक हो तो वह UPI से पैसा कटने की प्रक्रिया को तुरंत रुकवा सकते हैं।
यूजर्स पेमेंट पाने के लिए जुड़े अपने मोबाइल नंबर को हटा सकते हैं।
पैसा भेजने से पहले पाने वाले के बारे में और अधिक जानकारी देखी जा सकती है।
यूजर्स किसी भी UPI ऐप से अपने पुराने पेमेंट्स देखकर उन्हें दोबारा रिपीट कर सकते हैं।

