पटना: बिहार में सरकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कामों को तेजी देने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। बैठक में विभागों के प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के डीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। मुख्य सचिव ने अभियान के सभी प्रमुख घटकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

दीप प्रज्वलन से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के हर घर और प्रत्येक जिले के कम से कम 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लोगों तक दीये पहुंचाए जाएंगे।
वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की जाएगी।

नुक्कड़ नाटक से योजनाओं की जानकारी
‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत पिछले 25 वर्षों की योजनाओं और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के लिए 18 से 20 नाट्य टोलियां बनाई जाएंगी। ये स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक करेंगी। 2 अक्टूबर को विशेष मंचन भी होगा।
इसके अलावा ‘आंगन का मिलन’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम होंगे, जहां आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद तथा बच्चों की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘सरकार आपके द्वार’ में मौके पर होगा काम

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर ही निष्पादन करने का लक्ष्य रखा गया है।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, पौधरोपण और स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां भी होंगी। वहीं युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए ‘नवाचार चुनौती’ शुरू की जाएगी।
मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान

मुख्य अभियान के साथ ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर विकास समेत कई विभाग इसमें शामिल होंगे।
सरकारी भवनों के मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक, भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।

