Jordan Hermann 150 Runs: दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने वनडे करियर की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में की है। नामीबिया के खिलाफ पहले वनडे में 24 वर्षीय बाएं हाथ के ओपनर ने 150 रन की शानदार पारी खेलकर रिकॉर्ड बुक में जगह बना ली।
हरमन ने 126 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने नामीबियाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। 150 रन के साथ उन्होंने वनडे डेब्यू की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
ब्रीट्ज़के के रिकॉर्ड की बराबरी
हरमन से पहले दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे में 150 रन बनाए थे। ब्रीट्ज़के ने 148 गेंदों पर यह स्कोर बनाया था, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल थे।
इससे पहले वनडे डेब्यू की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स के नाम था। उन्होंने 1978 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 148 रन बनाए थे।
गुरबाज और चैपमैन भी रहे हैं आगे
वनडे डेब्यू में बड़ी पारियां खेलने वालों में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज (127) और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन (124)* भी शामिल हैं। वहीं कॉलिन इनग्राम, मार्टिन गप्टिल, एंडी फ्लावर और फिल ह्यूज जैसे बल्लेबाज भी अपने पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।

