खाना खाने के कुछ देर बाद ही क्या आपको खट्टी डकार आना शुरू हो जाता है?क्या डकार आते ही आपके मुंह में गैस और खट्टपन महसूस होता है? अगर हां, तो इसे इग्नोर करने से बचें.हम में से कई लोग इस तरह के लक्षणों को नॉर्मल समझ लेते हैं, लेकिन इसके पीछे कुछ सामान्य और गंभीर कारण हो सकते हैं। इस लेख में हम इन कारणों के बारे में जानेंगे।यहां जानते हैं खट्टी डकार आने का कारण क्या है?
खट्टी डकारें तब आती हैं, जब पेट में मौजूद एसिड या भोजन का कुछ हिस्सा उल्टा भोजन नली की ओर लौटने लगता है।इस स्थिति को एसिड रिफ्लक्स कहा जाता है। जब हमारा पेट का एसिड गले या मुंह तक पहुंचता है, तो खट्टा स्वाद महसूस होता है और डकारें आने लगती हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि तला-भुना भोजन, मसालेदार खाना, ज्यादा चाय-कॉफी, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स और देर रात खाने जैसी आदतें इस समस्या को बढ़ा सकती हैं।
हमारी कुछ आदतों के कारण खट्टी डकार आ सकती हैं. यहां जानते हैं उन आदतों के बारे में-
जल्दी-जल्दी खाना।
खाने के तुरंत बाद लेट जाना।
एक साथ बहुत ज्यादा खाना खा लेना ।
मोटापा।
तनाव और पर्याप्त नींद न लेना ।
धूम्रपान करना।
शराब पीना।
इन सभी आदतों की वजह से हमारा पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिसकी वजह से खट्टी डकारें आ सकती हैं।
अगर कभी-कभार खट्टी डकार आती हैं, तो आमतौर पर चिंता की बात नहीं होती। लेकिन अगर ये समस्या बार-बार होने लगे, सीने में जलन, पेट दर्द, गले में जलन, मतली या निगलने में दिक्कत जैसी शिकायतें भी साथ हों, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। लगातार खट्टी डकारें गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज, गैस्ट्राइटिस या अन्य पाचन संबंधी समस्याओं का संकेत हो सकती हैं।
अगर आप चाहते हैं कि खट्टी डकारों की परेशानी को कम किया जा सके, तो इसके लिए आपको कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत होती है, जैसे-
खाने को धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाएं।
तैलीय और मसालेदार चीजों का सेवन सीमित करें।
रात का खाना सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले खा लें और खाने के तुरंत बाद न लेटें।
पर्याप्त पानी पीना।
नियमित व्यायाम करें ।
वजन को कंट्रोल करके रखें, इत्यादि।
खट्टी डकारें अक्सर पाचन तंत्र से जुड़ी एक आम समस्या होती हैं, लेकिन बार-बार होने पर इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस परेशानी से काफी हद तक बचा जा सकता है।

