Bihar Rural Roads: बिहार के गांवों में बिछा सड़कों का जाल! 1.21 लाख से ज्यादा बसावटें पक्की सड़क से जुड़ीं

0
8

पटना: बिहार में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। ग्रामीण कार्य विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक 1,21,675 बसावटों को पक्की ग्रामीण सड़कों से जोड़ा जा चुका है। इन बसावटों तक सड़क पहुंचाने के लिए 1,20,948 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है।

1.29 लाख बसावटों को जोड़ने का लक्ष्य

राज्य सरकार ने कुल 1,29,990 बसावटों को 1,34,704.13 किलोमीटर पक्की ग्रामीण सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। विभाग के अनुसार लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम चल रहा है और शेष 8,780 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

ग्रामीण कार्य विभाग का खास फोकस उन इलाकों पर है, जहां अभी तक बारहमासी पक्की सड़क की सुविधा नहीं पहुंच सकी है। विभिन्न ग्रामीण सड़क योजनाओं को साथ लेकर इन क्षेत्रों को प्रमुख सड़क नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

2026-27 में 3,161 बसावटों तक पहुंचेगी सड़क

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी ग्रामीण सड़क निर्माण को गति देने की तैयारी है। विभाग ने इस दौरान 3,161 बसावटों को जोड़ने के लिए करीब 9,264.54 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इसके लिए निर्माण कार्य और सड़क विस्तार की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

PMGSY और मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना से विस्तार

ग्रामीण सड़क नेटवर्क के विस्तार में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) समेत विभिन्न योजनाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। जरूरत वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।

विभाग के अनुसार बेहतर ग्रामीण सड़क संपर्क का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। इससे गांवों के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो रही है। लक्ष्य राज्य की प्रत्येक पात्र बसावट को पक्की और बारहमासी सड़क से जोड़ना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here