Bihar News: संत रविदास जयंती पर बिहार में बड़ा अभियान: 18 से 20 अगस्त तक निकलेगी कलश यात्रा, गांव-गांव पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की सौगात

0
5

Bihar News: संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में राज्य भर में आगामी 18, 19 और 20 अगस्त को कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा पहले जिलों में, इसके बाद प्रदेश के सभी पंचायतों में इसे ले जाया जाएगा। साथ ही, श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान का भी शुभारंभ किया जा रहा है।

इस अभियान के माध्यम से अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी गांवों एवं बसावटों में सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की 100 प्रतिशत पूर्ण करने के साथ-साथ आधुनिक सामाजिक आधारभूत संरचना, आर्थिक अवसरों तथा शैक्षणिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना तथा सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन को गति देना है।

अधिकार एवं जागरूकता पर विशेष फोकस

अभियान के तहत अधिकार आधारित शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा जन-सुनवाई जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस अभियान के अंतर्गत पूर्व संचालित सरकारी योजनाओं का उपयोग करते हुए आवास, जलापूर्ति, सड़क, बिजली, सौर ऊर्जा एवं स्वास्थ्य से संबंधित कमियों को दूर किया जाएगा। अभियान अवधि में प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को संत रविदास शिविर का अनिवार्य रूप से आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में गैस की प्रति पूर्ति सहित विभिन्न आवश्यक सेवाओं एवं सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाएगा। यह अभियान 15 फरवरी 2027 तक चलेगा।

उच्च प्रभाव वाली पहलों को बढ़ावा

अभियान में कौशल विकास, विपणन एवं सहायता केंद्र, संत रविदास पार्क, संत रविदास पुरस्कार तथा अनुसूचित जाति एवं अन्य जनजाति कल्याण विभाग एवं अन्य लाइन विभागों के माध्यम से उच्च प्रभाव वाली पहलें संचालित की जाएंगी।

सामाजिक एवं युवा सशक्तीकरण

युवाओं को आधुनिक तकनीक एवं रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ने के लिए 3D प्रिंटिंग तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से संबंधित विशेष कौशल उन्नयन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अंतर विद्यालय खेल प्रतियोगिताएं एवं अन्य गतिविधियां भी संचालित होंगी।

संत रविदास सदन एवं प्रखंड स्तर पर संत रविदास कल्याण केंद्र जैसी पहलों के माध्यम से सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। विभिन्न जिलों द्वारा चरणबद्ध रूप से निर्धारित कार्यों का निष्पादन करते हुए इस क्षेत्र की सभी गतिविधियों को 15 फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

समरसता और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान का व्यापक उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही शिक्षा, कौशल, रोजगार, आधारभूत संरचना और सामाजिक सशक्तीकरण के माध्यम से इन क्षेत्रों में समावेशी एवं सतत सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है।

अभियान में विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here