Bihar Crime News: सिवान पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएसएपी-2 के जवान मधुप कुमार हत्याकांड के फरार आरोपी शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड का वांछित आरोपी नवलखा यादव बिना नंबर प्लेट लगी सफेद स्कॉर्पियो से सिवान की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने छोटपुर बाईपास के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान शत्रुधन कुमार यादव उर्फ नवलखा यादव, सुशील कुमार यादव उर्फ भीम और सोनू कुमार यादव उर्फ शक्ति यादव के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन तथा स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुफ्फसिल थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीएसएपी-2 के जवान मधुप कुमार हत्याकांड में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इस ताजा कार्रवाई को मामले की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी नवलखा यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, बिहार मद्य निषेध कानून तथा अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस टीम में मुफ्फसिल थाना के थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह, एसटीएफ की टीम तथा जिला आसूचना इकाई, सिवान के अधिकारी शामिल रहे।

