India vs Sri Lanka Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से शुरू होने वाले श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए रवाना होगी। लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को लगातार चोटों ने बड़ी परेशानी में डाल दिया है। कई प्रमुख खिलाड़ी फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके कारण टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है।
सबसे बड़ा झटका स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रूप में लगा है। चोट के चलते वह इस अहम टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। उनकी जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को टीम में शामिल करने का फैसला किया है।
इन 4 खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी टीम इंडिया पर पड़ सकती है भारी
1. जसप्रीत बुमराह
भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। इसी वजह से वह अंतिम मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे। अब मेडिकल टीम की सलाह पर उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से आराम दिया गया है। उम्मीद है कि वह आगामी एशियाई खेलों तक फिट हो सकते हैं।
2. वॉशिंगटन सुंदर
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पिछले कुछ समय से टेस्ट टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी चोट के बाद वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। फिटनेस पूरी तरह हासिल नहीं होने के कारण वह भी श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए हैं।
3. नीतीश कुमार रेड्डी
युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का चोटों से संघर्ष लगातार जारी है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में लगी चोट के बाद वह पहले आयरलैंड दौरे से बाहर हुए और अब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी नहीं खेल पाएंगे। रेड्डी ने टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बार-बार की चोटें उनके करियर की बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
4. हर्षित राणा
तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी चोट की वजह से लंबे समय से नियमित क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 और आईपीएल 2026 से भी बाहर रहे थे। वापसी के बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में फिर चोटिल हो गए, जिसके चलते अब श्रीलंका दौरे पर भी उनकी सेवाएं टीम को नहीं मिल पाएंगी।
साई सुदर्शन की फिटनेस पर अंतिम फैसला बाकी
श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई टीम में युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को शामिल किया गया है, लेकिन उनका चयन फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है। यदि मेडिकल टीम उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं करती, तो वह भी इस दौरे से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में चोट के कारण टीम इंडिया को पांचवें खिलाड़ी का भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

