Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खिलाड़ियों ने सोमवार देर रात शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में छह नए पदक डाल दिए। इन उपलब्धियों में एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल रहे। पैरा एथलेटिक्स की महिला शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में भारत ने गोल्ड और ब्रॉन्ज दोनों अपने नाम किए, जबकि हाई जंप, महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग और पुरुष 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में रजत पदक मिले। इसके अलावा महिला 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में भी भारत को कांस्य पदक हासिल हुआ। इन नतीजों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 10 पहुंच गई है, जिसमें 2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं। मेडल तालिका में भारतीय दल फिलहाल आठवें स्थान पर बना हुआ है।
शर्मिला ने दिलाया गोल्ड, शिल्पा ने जीता ब्रॉन्ज
महिला शॉट पुट एफ57 फाइनल में भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9.81 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छह प्रयासों में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे प्रयास में आया, जिसने उन्हें प्रतियोगिता का विजेता बना दिया। यह उनके मौजूदा सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।
इसी स्पर्धा में घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर का थ्रो फेंककर कांस्य पदक जीता। उनका अंतिम प्रयास अमान्य रहा, लेकिन इससे पहले किया गया 7.26 मीटर का प्रदर्शन उनके करियर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड साबित हुआ।
हाई जंप में सर्वेश अनिल कुशारे को सिल्वर
पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में भारत के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने और जमैका के रोमेन बेकफोर्ड ने समान ऊंचाई पार की, लेकिन काउंटबैक नियम के आधार पर गोल्ड जमैका के खिलाड़ी के खाते में गया। इंग्लैंड के किमानी जैक 2.20 मीटर की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भारत के आदर्श राम ज्योति शंकर पांचवें स्थान पर रहे।
अजय बाबू सिर्फ 1 किलो से गोल्ड से चूके
पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के वल्लूरी अजय बाबू ने कुल 330 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम का सफल प्रयास किया। हालांकि, मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने कुल 331 किलोग्राम वजन उठाकर महज एक किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक जीत लिया। इंग्लैंड के क्रिस मरे 325 किलोग्राम के कुल वजन के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
भारत के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश की उम्मीदों को और मजबूत किया है। कई स्पर्धाओं में भारतीय एथलीट अब भी पदक की दौड़ में बने हुए हैं, जिससे आने वाले दिनों में मेडल तालिका में भारत की स्थिति और बेहतर होने की संभावना है।

