Bihar News: अब बिना महंगी कोचिंग बनेगा डॉक्टर-इंजीनियर! बिहार सरकार ने शुरू की फ्री LIVE JEE-NEET क्लासेज

0
12

Bihar News: बिहार सरकार ने मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। अब आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग से दूर रहने वाले छात्र-छात्राओं को भी JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार ने ‘उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य’ अभियान के तहत पटना के 10 मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेज की शुरुआत कर दी है।

इस नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थी स्कूल में बैठकर पढ़ाई करने के साथ-साथ घर से ऑनलाइन माध्यम के जरिए भी इन कक्षाओं से जुड़ सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने किया LIVE क्लासेज का शुभारंभ

गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के चयनित मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेज का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी का नया अध्याय शुरू हो गया। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के विद्यार्थियों को अपने ही जिले और प्रखंड में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों और उन्हें कोचिंग के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

544 मॉडल स्कूलों में मिलेगी आधुनिक शिक्षा

शिक्षा विभाग ने सात निश्चय-3 (2025-30) के अंतर्गत राज्य के 544 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। इनमें सभी जिला स्कूलों के साथ प्रत्येक प्रखंड का एक उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल किया गया है।

इसके अलावा पहले से संचालित 155 राजकीय एवं राजकीयकृत विद्यालयों को भी इस योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

पटना के इन 10 मॉडल स्कूलों से हुई शुरुआत

फिलहाल पटना के 10 चयनित मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेज शुरू की गई हैं। इनमें मिलर हाई स्कूल, डीवीआरके जलान उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना सिटी), जनकधारी उच्च माध्यमिक विद्यालय (दानापुर), केबी सहाय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महंथ हनुमान शरण उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय बॉयज हाई स्कूल (राजेंद्र नगर), शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय (गर्दनीबाग), श्री रघुनाथ प्रसाद गर्ल्स हाई स्कूल (कंकड़बाग), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना सिटी) और राजकीय गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय (शास्त्रीनगर) शामिल हैं।

पूरे बिहार में होगा विस्तार

शिक्षा विभाग के अनुसार यह सुविधा केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में राज्य के सभी मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेज शुरू की जाएंगी, ताकि हर जिले और प्रखंड के छात्र-छात्राओं को अपने घर के नजदीक ही JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here