Bihar News: बिहार पुलिस का अपराधियों पर बड़ा शिकंजा, सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों पर कड़ी कार्रवाई; 130 गिरफ्तार, 2,125 भगोड़ों की हुई कुर्की

0
12

Bihar News: बिहार पुलिस ने अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्यभर में व्यापक अभियान तेज कर दिया है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों से लेकर फरार अपराधियों और मानव तस्करों तक के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था एवं कमजोर वर्ग) के. सुहिता अनुपम ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अपराधियों पर हर स्तर पर सख्ती बरत रही है।

2,125 फरार अपराधियों की संपत्ति पर कुर्की

एडीजी ने बताया कि 11 से 20 जुलाई के बीच चलाए गए विशेष कुर्की अभियान के तहत राज्यभर में 2,125 कुर्की वारंटों का निष्पादन किया गया। जो अपराधी गिरफ्तारी से बच रहे हैं, उनके खिलाफ संपत्ति कुर्क करने जैसी कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

सोशल मीडिया पर हथियार दिखाना पड़ा भारी

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। 1 मई से 14 जुलाई के बीच ऐसे मामलों में 102 एफआईआर दर्ज की गईं और 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 40 अवैध हथियार भी बरामद किए गए।

इन मामलों में सबसे अधिक कार्रवाई पटना, नवगछिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिलों में हुई। पुलिस मुख्यालय का सोशल मीडिया सेंटर और साइबर क्राइम एवं सुरक्षा इकाई (CCSU) चौबीसों घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रही है।

आपत्तिजनक पोस्ट पर भी पुलिस की पैनी नजर

धार्मिक या जातीय विद्वेष फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अभद्र टिप्पणियां करने वाले सोशल मीडिया पोस्टों पर भी कार्रवाई जारी है। अब तक 514 संदिग्ध पोस्ट और वायरल वीडियो चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 243 मामलों में कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि बाकी मामलों की जांच जारी है।

डायल-112 का रिस्पांस टाइम घटकर 10 मिनट

पुलिस ने बताया कि आपातकालीन सेवा डायल-112 का औसत रिस्पांस टाइम अब घटकर 10 मिनट हो गया है, जिससे अपराध नियंत्रण और त्वरित सहायता में काफी सुधार हुआ है। वहीं युवाओं के लिए ऑनलाइन चरित्र सत्यापन (Character Verification) की सुविधा भी शुरू कर दी गई है, जिसे सीसीटीएनएस प्रणाली से जोड़ा गया है।

मानव तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन नया सवेरा-3.0’

मानव तस्करी रोकने के लिए 1 से 14 जुलाई तक चलाए गए ऑपरेशन नया सवेरा-3.0 के तहत 52 एफआईआर दर्ज की गईं और 109 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 82 महिलाओं और 75 पुरुषों को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित निकाला गया।

गिरफ्तारी के मामले में पटना (40), सहरसा (13) और किशनगंज (9) शीर्ष पर रहे, जबकि सबसे अधिक पीड़ितों को बचाने वाले जिलों में किशनगंज, सीतामढ़ी और पटना/अरवल/मुजफ्फरपुर रेल शामिल रहे।

हिंसा और हर्ष फायरिंग के मामलों में भी बड़ी कार्रवाई

मई-जून के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में पुलिस ने 533 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें साम्प्रदायिक हिंसा, पुलिस पर हमला, भीड़ हिंसा और हर्ष फायरिंग जैसे मामले शामिल हैं।

मुकदमों के शीघ्र निपटारे के लिए पुलिस ने 51,189 गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित की, जिनमें से 49,191 गवाहों की अदालत में गवाही भी कराई गई।

सीमा सुरक्षा और नशे के कारोबार पर भी सख्ती

भारत-नेपाल सीमा पर संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर पुलिस ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान 17.883 किलोग्राम हेरोइन और 26,135 किलोग्राम गांजा सहित बड़ी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस सप्लाई चेन और मेडिकल स्टोरों की भी जांच कर रही है।

21 जुलाई से शुरू होगा ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’

एडीजी ने बताया कि युवाओं को कानून के प्रति जागरूक बनाने के लिए 21 जुलाई से 10 अगस्त तक ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रैफिकिंग, पॉक्सो कानून, दहेज प्रताड़ना, महिला अपराध, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।

महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड)’ भी सक्रिय की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here