Dustbin Cleaning Tips: घर की नियमित सफाई के दौरान अक्सर लोग फर्श, रसोई और बाथरूम पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन डस्टबिन की सफाई कई बार नजरअंदाज कर दी जाती है। यही लापरवाही धीरे-धीरे दुर्गंध, बैक्टीरिया और फफूंदी का कारण बन सकती है। यदि डस्टबिन की समय-समय पर सफाई की जाए तो न केवल घर में ताजगी बनी रहती है, बल्कि संक्रमण का खतरा भी काफी कम हो जाता है। आइए जानते हैं डस्टबिन को साफ और बदबू रहित रखने के कुछ आसान और असरदार तरीके।
सबसे पहले करें अच्छी तरह सफाई
डस्टबिन साफ करने से पहले उसमें रखा पूरा कचरा और पुराना कचरा बैग निकाल दें। इसके बाद गुनगुने पानी से डस्टबिन को अच्छी तरह धो लें।
अब स्पंज या पुराने ब्रश पर थोड़ा लिक्विड डिशवॉश लगाकर पूरे डस्टबिन को अंदर और बाहर से अच्छी तरह साफ करें। खासतौर पर नीचे के हिस्से और किनारों पर अधिक ध्यान दें, क्योंकि यहीं सबसे ज्यादा गंदगी जमा होती है।
धोने के बाद साफ पानी से अच्छी तरह कुल्ला करें और सूखे कपड़े से पोंछ लें। यदि संभव हो तो डस्टबिन को कुछ समय धूप में पूरी तरह सुखाएं। पूरी तरह सूखने के बाद ही उसमें नया कचरा बैग लगाएं।
पुराने और जिद्दी दाग हटाने का आसान तरीका
अगर डस्टबिन पर जमे हुए दाग आसानी से नहीं हट रहे हैं, तो बेकिंग सोडा और पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें।
इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर लगभग 10 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद उस पर थोड़ा सफेद सिरका (व्हाइट विनेगर) डालें। कुछ मिनट बाद ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से धो लें। इससे जिद्दी दाग काफी हद तक साफ हो जाते हैं।
बदबू दूर रखने के घरेलू उपाय
यदि डस्टबिन से लगातार दुर्गंध आती है, तो उसमें थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़ककर रातभर के लिए छोड़ दें। सुबह इसे साफ कर दें।
एक और आसान तरीका यह है कि आधे नींबू पर थोड़ा नमक लगाकर डस्टबिन के अंदर रगड़ें। इससे दुर्गंध कम होने के साथ ताजगी भी बनी रहती है।
साथ ही समय-समय पर डस्टबिन को कुछ घंटों के लिए धूप में रखने से बैक्टीरिया पनपने की संभावना कम होती है और दुर्गंध भी दूर रहती है।
सेंसर वाले डस्टबिन की सफाई करते समय रखें ये सावधानी
अगर आपके घर में सेंसर वाला डस्टबिन है, तो उसके इलेक्ट्रॉनिक ढक्कन को कभी भी सीधे पानी से न धोएं।
ढक्कन के सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक हिस्से को केवल हल्के गीले या सूखे मुलायम कपड़े से साफ करें। जबकि डस्टबिन के बाकी हिस्से को अलग करके सामान्य तरीके से धोया जा सकता है।
हमेशा अपनाएं ये आदतें
डस्टबिन को लंबे समय तक साफ रखने के लिए हमेशा उसमें कचरा बैग का इस्तेमाल करें। गीले कचरे को रोजाना बाहर निकालें और सप्ताह में कम से कम एक या दो बार डस्टबिन की अच्छी तरह सफाई जरूर करें। इससे बदबू, कीटाणु और संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है।

