Bharat Tex 2026 में छाया बिहार: तीसरे दिन भी बिहार पैवेलियन पर उमड़ी भीड़, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

0
5

Bihar News: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन भी बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा स्थापित बिहार पैवेलियन आगंतुकों, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में आए उद्योग विशेषज्ञों, खरीदारों, टेक्सटाइल उद्यमियों और नीति-निर्माताओं ने बिहार के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और निवेश-अनुकूल माहौल की जानकारी प्राप्त की।

कई प्रमुख हस्तियों ने किया बिहार पैवेलियन का दौरा

तीसरे दिन बिहार पैवेलियन का भ्रमण करने वालों में आंध्र प्रदेश की हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री एस. साविता, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के अध्यक्ष जावेद अशरफ, महाराष्ट्र रेशम निदेशालय के उपनिदेशक डॉ. महेंद्र बी. धावले तथा बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यापारी आयोग के नामित सदस्य रोहित चंद्र शामिल रहे।

इस दौरान हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक डॉ. विद्या नंद सिंह, एमएसएमई निदेशक अमन समीर और उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों और सरकार की नीतियों की विस्तृत जानकारी दी।

टेक्सटाइल निवेश के लिए बिहार बना आकर्षक विकल्प

बिहार पैवेलियन में राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, जीआई-टैग उत्पाद, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल एवं अपैरल उद्योग, कौशल विकास कार्यक्रम और आधुनिक औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

अधिकारियों ने आगंतुकों को बताया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों के साथ निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। यही वजह है कि बिहार अब टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर में तेजी से उभरते निवेश गंतव्यों में अपनी पहचान बना रहा है।

निवेशकों और खरीदारों ने दिखाई विशेष रुचि

प्रदर्शनी के दौरान कई निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और खरीदारों ने बिहार में टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने और कारोबार का विस्तार करने की संभावनाओं पर गंभीर रुचि दिखाई। राज्य की औद्योगिक नीतियों, कुशल मानव संसाधन और बढ़ते औद्योगिक ढांचे को निवेश के लिए सकारात्मक माना गया।

बिहार की विरासत और आधुनिक सोच का अनूठा संगम

बिहार पैवेलियन में एक ओर जहां राज्य की पारंपरिक बुनाई, हस्तशिल्प और जीआई-टैग उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, वहीं दूसरी ओर आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग, वैल्यू चेन और औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं को भी सामने रखा गया। यही संतुलन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख कारण बना।

17 जुलाई तक खुला रहेगा बिहार पैवेलियन

उद्योग विभाग ने निवेशकों, उद्यमियों और आम आगंतुकों से अपील की है कि वे 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, हॉल नंबर-11, स्टॉल A4 स्थित बिहार पैवेलियन का भ्रमण करें और राज्य के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here