Bihar News: ऐतिहासिक मिलर हाई स्कूल का बदलेगा पूरा स्वरूप, आधुनिकीकरण की तैयारी तेज

0
20

Bihar News: राजधानी पटना के ऐतिहासिक मिलर हाई स्कूल के आधुनिकीकरण और धरोहर संरक्षण की प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद ऊर्जा विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर तकनीकी सर्वेक्षण किया।

स्कूल भवन और आधारभूत संरचनाओं का हुआ तकनीकी मूल्यांकन

निरीक्षण के दौरान बीएसपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी (भा.प्र.से.), पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा (भा.प्र.से.) तथा बीएसपीजीसीएल के प्रबंध निदेशक विशाल राज (भा.प्र.से.) ने तकनीकी टीम के साथ विद्यालय परिसर का विस्तृत जायजा लिया। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव (भा.प्र.से.) के पर्यवेक्षण में की गई।

अधिकारियों ने विद्यालय के भवनों की वर्तमान स्थिति, आधारभूत संरचनाओं और उपलब्ध सुविधाओं का तकनीकी आकलन किया। साथ ही परिसर में मौजूद विभिन्न इमारतों और संरचनाओं के संरक्षण, सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के लिए जरूरी तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।

ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए होगा विकास

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलर हाई स्कूल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक परिसर विकसित करना है, लेकिन इसके साथ ही स्कूल की मूल ऐतिहासिक पहचान और वास्तुशिल्पीय विशेषताओं को भी संरक्षित रखा जाएगा।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर रहेगा फोकस

ऊर्जा विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप परियोजना को तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विभागीय स्तर पर तकनीकी योजना और कार्यान्वयन की तैयारियां जारी हैं ताकि विद्यालय को आधुनिक स्वरूप देने के साथ उसकी विरासत भी सुरक्षित रह सके।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की प्राचार्या किरण कुमारी, शिक्षा विभाग, पटना नगर निगम तथा संबंधित तकनीकी अधिकारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here