भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में राजनीतिक और सामाजिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। एक ओर न्याय की मांग को लेकर महापंचायत, धरना और जनसमर्थन का दायरा बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर राजनीतिक दलों के नेताओं का बिलौटी गांव पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भरत तिवारी के परिजनों से मिलने शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे और घटना को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने परिवार का पक्ष सुना और घटना को लेकर बिहार सरकार तथा प्रशासन पर तीखा हमला बोला। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है और पूरा घटनाक्रम कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बिलौटी गांव पहुंचने पर प्रशांत किशोर ने भरत तिवारी की मां आशा देवी समेत अन्य परिजनों से मुलाकात की।परिवार ने उन्हें घटना से जुड़ी जानकारी दी और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए।भरत तिवारी की मां ने कहा कि उनके बेटे की मौत के लिए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
परिजनों से मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से इस पूरे मामले को अंजाम दिया गया और बाद में घटनाक्रम सामने आया, उससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी जवाबदेही तय नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि हम उनकी मां भाभी और बहन की ओर से मांग कर रहे हैं कि न्याय का मतलब है जिन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया है, उसके साथ-साथ उन लोगों की भी जांच हो जिनके कहने पर हत्या को अंजाम दिया गया है।जिन्होंने वो परिस्थिति बनाई, वह पागल नहीं था।आपके व्यवस्था और अफसरों ने उसे उस मानसिक दशा में पहुंचा दिया था जहां उसे यह समझ नहीं आ रहा था कि इनसे कैसे डील करें।
प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत तिवारी की मां लगातार न्याय की मांग कर रही हैं और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार की आवाज को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
भरत तिवारी की मौत के बाद परिजनों के आवेदन पर शाहपुर थाने में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं सरकार की ओर से गांव के लोगों और परिजनों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने का निर्देश भी दिया गया है। इसके बावजूद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने हमला किया है।प्रशांत किशोर ने कहा कि चाहे भरत तिवारी मार दिए जाएं, नीट की छात्रा के साथ कुछ गलती हो जाए या बेगूसराय में महिला के साथ अपराध हो जाए, जाति देखकर अपराध नहीं हो रहा है, सारे लोगों के साथ अपराध हो रहा है क्योंकि एक अपराधी मुख्यमंत्री बना है।
सीएम सम्राट चौधरी को लेकर उन्होंने कहा कि हम डंके की चोट पर कहते हैं, डरते नहीं हैं।अभी कैमरे पर बोल रहे हैं कि वह एक नंबर का पक्का अपराधी आदमी है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सम्राट चौधरी पर सात लोगों की हत्या का आरोप है। आरोप नहीं है वह अभियुक्त है।जेल में था।सातवीं फेल है। हर तरह का कर्म-कुकर्म किया है और सब वह मुख्यमंत्री बना है।अपराधी प्रवृत्ति का आदमी अगर सीएम की कुर्सी पर बैठेगा तो राम-नाम थोड़ी जपेगा? अपराध तो बढ़ेगा ही, भ्रष्टाचारी को कुर्सी पर बैठाइएगा तो भ्रष्टाचार होगा ही।
भरत तिवारी मामले में पिछले कुछ दिनों से लगातार राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रशांत किशोर का दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।मामले को लेकर न्यायिक कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

